आंध्र प्रदेश में मरीजों का आंकड़ा 5 लाख के पार, 24 घंटे में यहां संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी; देश में अब तक 42.24 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों की संख्या 42 लाख 24 हजार 14 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 32 लाख 67 हजार 231 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 8 लाख 84 हजार 317 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 71 हजार 844 मरीजों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

इस बीच, आंध्र प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा सोमवार को 5 लाख के पार हो गया। 24 घंटे में 8 हजार 368 नए मरीज बढ़े, जबकि 10 हजार 55 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब तक 5 लाख 6 हजार 493 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 4 हजार 74 लोग ठीक हो चुके हैं। 97 हजार 932 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 4 हजार 487 मरीजों की मौत हो चुकी है।

सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम कोरोना से ठीक हुए, फेफड़े में अभी भी दिक्कत
मशहूर सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम के बेटे एसपी चरन ने सोमवार को बताया कि उनके पिता की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। हालांकि, अभी वह वेंटिलेटर पर ही हैं। उनके फेफड़ों में अभी तकलीफ है और वह ठीक से सांस नहीं ले पा रहे हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर की हालत में सुधार हो रहा है। मेदांता अस्पताल प्रशासन ने बताया कि वह 25 अगस्त को कोरोना संक्रमण का इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। अब उनका पल्स रेट, सांस लेने में हो रही तकलीफ और ब्लड प्रेशर नॉर्मल है।
  • केंद्र सरकार ने कहा कि देश में कोरोना के 60% केस और 70% मौतें केवल पांच राज्यों से हैं। इसे काबू करने की कोशिशें लगातार जारी है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, रविवार को 90802 केस सामने आए। वहीं, 1016 मरीज ने दम तोड़ दिया। इसके साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 42 लाख 4 हजार 614 हो गई है। इनमें 32 लाख 50 हजार 429 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। 8 लाख 82 हजार 542 एक्टिव केस हैं। अब तक 71 हजार 642 लोग इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं।
  • रेलवे ने सोमवार से तमिलनाडु में 13 स्पेशल ट्रेन शुरू कीं। ये ट्रेनें राज्य के अंदर चलेंगी।

पहले दिन सोमवार को इन ट्रेनों में कम यात्री नजर आए। हालांकि, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते देखे गए।

महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 9 लाख के पार
राज्य में रविवार को कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 23 हजार 350 केस सामने आए। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 9 लाख 07 हजार 212 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में अगस्त महीने में संक्रमण के 3 लाख 76 हजार 587 मामले सामने आए, जबकि जुलाई में 2 लाख 41 हजार 820 और जून में 1 लाख 4 हजार 748 लोगों के संक्रमित मिले थे।

5 राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
जो कोरोना मरीज आयुष्मान योजना में पंजीकृत नहीं हैं और राज्य सरकार से अनुबंधित किसी कोविड केयर अस्पताल में भर्ती हैं, उनके लिए राहत भरी खबर है। अब ऐसे मरीजों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार देगी। इसके लिए इन मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने और इलाज के खर्च की पूरी जानकारी एक तय फॉर्मेट में भरकर अस्पताल प्रबंधन को देनी होगी। यह फॉर्मेट अस्पताल ही उन्हें उपलब्ध कराएगा।

उधर, एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 1694 संक्रमित मिले। यह लगातार चौथा दिन है, जब 1600 से ज्यादा केस मिले। 24166 सैंपल जांचे गए, इससे संक्रमण दर भी बढ़कर 7% पर पहुंच गई है। अब 51 जिलों में 200 से ज्यादा पॉजिटिव केस हो चुके हैं। केवल उमरिया में 156 ही पॉजिटिव हैं।

2. राजस्थान
राज्य में 171 दिन बाद सोमवार से धार्मिक स्थल खुल गए। कोरोना संक्रमण के कारण इन धार्मिक स्थलों को करीब छह माह पहले बंद कर दिया गया था। पुष्कर का विश्व विख्यात ब्रह्मा मंदिर और अजमेर दरगाह के द्वार भी खोल दिए गए। राज्य सरकार ने 20 मार्च से सभी मंदिर बंद करने का ऐलान किया था।

उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया कि राज्य में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। हमारे पास 3018 ऑक्सीजन बेड हैं, जिनमें 872 ही इस्तेमाल किए जा रहे हैं। 913 आईसीयू बेड हैं, जिनमें 406 और 490 वेंटिलेटर में से 113 पर ही मरीज हैं।

3. बिहार.
राज्य में लगातार तीसरे दिन भी कोरोना सैंपल की जांच डेढ़ लाख से ज्यादा हुई। यह संख्या बढ़कर 1 लाख 51हजार 33 हो गई है। राज्य का रिकवरी रेट भी 88.24% हो गया है। यह राष्ट्रीय औसत से तकरीबन साढ़े ग्यारह फीसदी से अधिक है। उधर, राज्य सरकार ने कहा कि पोस्ट कोविड ट्रीटमेंट वार्ड में मरीज तब तक रखे जाएंगे, जब तक वे पूरी तरह से शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ नहीं हो जाते।

4. महाराष्ट्र
राज्य में रविवार को 90 लाख से ज्यादा कोरोना सैंपल की जांच की गई। इसके साथ यहां पॉजिटिविटी रेट 19.5% पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा केस पुणे में आ रहे हैं। यहां मरीजों की संख्या 1 लाख 99 हजार 303 पर पहुंच गई है। अब तक 4429 लोगों की मौत हो चुकी हैं। संक्रमितों के मामले में यह शहर मुंबई से भी आगे निकल गया है। मुंबई में अब तक1.55 लाख मामले सामने आ चुके हैं।

5. उत्तरप्रदेश
रविवार को राज्य में 6 हजार 777 नए संक्रमित मिले। यह एक दिन में मिले अबतक की सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या है। इससे पहले कल यानी शनिवार को सबसे अधिक 6 हजार 692 केस दर्ज हुए थे। राज्य में अब तक 2 लाख 66 हजार 283 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राज्य में 32 हजार 94 लोग होम आइसोलेशन में हैं। संक्रमण के चलते राज्य में अब तक 3,920 लोगों की जान जा चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

फोटो चेन्नई की है। यहां रेलवे ने सोमवार से कई ट्रेनों को फिर शुरू किया है। एक ट्रेन में लोगों की स्क्रीनिंग करने के बाद पीपीई किट पहने स्वास्थ्यकर्मी बाहर जाते हुए। तमिलनाडु में अब तक 4.63 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।