आउटसोर्सिंग के कारण नहीं होगी सफाई कर्मियों की छटंनी : निगमायुक्त

घर-घर से कूड़ा उठाने के काम को आउटसोर्स करने के कारण सफाई कर्मचारियों की छंटनी नहीं होगी। यह बात पूर्वी दिल्ली नगर निगम की निगमायुक्त डॉ दिलराज कौर ने सोमवार को पूर्वी निगम मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय में दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर कही।

निगमायुक्त ने कहा उनकी तमाम शंकाएं आधारहीन है क्योंकि वह जिस आउटसोर्स की बात कर रहें हैं, उसका संबंध पर्यावरण सहायकों से किसी भी प्रकार से नहीं है। उन्होंने यूनियन को आश्वस्त किया कि इसके कारण से किसी भी पर्यावरण सहायक की नौकरी नहीं जाएगी तथा उनकी छंटनी संबंधित विचार पूर्ण रूप से काल्पनिक एवं आधारहीन है।
बता दें कि सोमवार को दिल्ली नगर निगम स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने उद्योग सदन स्थित मुख्यालय के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य पूर्वी निगम द्वारा घर-घर से कूड़ा उठाने के कार्य को निजी कंपनी को सौंपना था। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना था कि इस प्रकार की व्यवस्था के बाद सफाई कर्मचारियों को नौकरी से हटाया जाएगा।

जनता व कर्मचारियों को भाजपा और आप बना रही हैं मूर्ख- मुकेश गोयल

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी और नगर निगम की सत्ता में बैठे भाजपा नेता दिल्ली की जनता और निगम के कर्मचारियों को मिलकर मूर्ख बना रहे हैं। दोनों पार्टियां कर्मचारियों के वेतन का मसला सुलझाने के बजाय एक दूसरे के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने में लगे हैं। मुकेश गोयल ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन की चिंता दोनों में से किसी को नहीं है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today