दिल्ली सरकार द्वारा निगमों को फंड नहीं दिए जाने के विरोध में सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में महापौर व निगम पार्षद मार्च निकालने के लिए सिविक सेंटर पहुंचे। जहां उन्हें निगम कर्मचारियों की नारेबाजी का सामना करना पड़ा। आदेश गुप्ता जब सिविक सेंटर में दिल्ली सरकार द्वारा निगमों को उनका बकाया रुपया नहीं देने के बारे में बोल रहे थे तो उनके पीछे निगम कर्मचारी वेतन दो, हमारा वेतन दो के नारे लगाकर चिल्ला रहे थे। वहीं दूसरी ओर आप के निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक के नेतृत्व में निगम पार्षद प्रदर्शन कर रहे थे।
निगम को पंगु बनाना चाहती है दिल्ली सरकार: आदेश
दिल्ली सरकार द्वारा नगर निगमों को फंड नहीं दिए जाने के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में महापौरों व निगम पार्षदों ने दिल्ली सरकार के खिलाफ सिविक सेंटर से लेकर दिल्ली सचिवालय तक मार्च निकाला। इस बीच पुलिस ने सभी पार्षदों को इजाजत नहीं होने के कारण हिरासत में ले लिया। विरोध मार्च यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि पुलिस की गाड़ी में बैठकर भी भाजपा पार्षदों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार निगम का बकाया फंड ना दे कर उसे पंगु बनाना चाहती है। गत कई महीनों से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। जिसके लिए सीधे तौर पर अरविंद केजरीवाल सरकार जिम्मेदार हैं।
साउथ एमसीडी भी हुई कंगाल
साउथ एमसीडी के नेता सदन नरेंद्र चावला ने पूरा हिसाब-किताब सामने रखकर अरविंद केजरीवाल सरकार पर तमाम आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि साउथ एमसीडी की हालत खराब हो चुकी है और इसके लिए कोई और नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी जिम्मेदार है। वहीं उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अभी तक वर्तमान दो तिमाही का कुल 1054 करोड़ रुपए का फंड नहीं दिया है। दिल्ली सरकार पिछला बकाया और वर्तमान दो तिमाही का फंड उत्तरी दिल्ली नगर निगम को दे तो निगम की देनदारी खत्म हो जाएगी और निगम बकाया राशि से विकास कार्यों को कर सकेगी।