बुधवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ खुले। डाउ जोंस 0.97 फीसदी की बढ़त के साथ 266 अंक ऊपर खुला। नैस्डैक 2.13 फीसदी की बढ़त के साथ 236 अंक ऊपर और एसएंडपी 1.32 फीसदी की बढ़त के साथ 43 अंक ऊपर खुला। बाजार खुलते समय डाउ जोंस 27767, नैस्डैक 11304 और एसएंडपी 3375 अंक पर कारोबार कर रहे थे।
बुधवार को दुनियाभर के बाजारों में गिरावट का माहौल रहा। जापान का निक्केई 241 अंक, चीन का शंघाई कम्पोसिट 61 अंक, हॉन्गकॉन्ग का हैंग सैंग 155 अंक, भारत का निफ्टी 39 अंक और कोरिया का कोस्पी में 26 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं इस समय मैक्सिको का IPC, रूस का MICEX, यूके का FTSE, फ्रांस का CAC, जर्मनी का DAX सभी बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।


मंगलवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था अमेरिकी बाजार
मंगलवार को डाउ जोंस 2.25 फीसदी यानी 632 अंक की गिरावट के साथ 27500 अंक पर बंद हुआ था। नैस्डैक 4.77 फीसदी यानी 533 अंक की गिरावट के साथ 11068 अंक पर और एसएंडपी 2.78 फीसदी यानी 95 अंक की गिरावट के साथ 3331 अंक पर बंद हुआ था।

अमेरिका: 65 लाख के पार हुआ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा
worldometers वेबसाइट के मुताबिक, बुधवार को अमेरिका में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 65 लाख 14 हजार 603 पर पहुंच गया। देश में अब तक 1 लाख 94 हजार 064 मौतें हो चुकी हैं जबकि 37 लाख 97 हजार 504 लोग ठीक हो चुके हैं। दुनिया में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 2 करोड़ 77 लाख 84 हजार 585 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 79 हजार 492 मरीज ठीक हो चुके हैं। 9 लाख 02 हजार 764 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव: ट्रम्प की कैम्पेन टीम के पास सिर्फ 30 करोड़ डॉलर कैश बचा
चुनावी फंड के मामले में डोनाल्ड ट्रम्प कुछ वक्त पहले तक जो बाइडेन से आगे थे। यह उनके लिए फायदेमंद था। ठीक वैसे ही जैसे 2012 में बराक ओबामा और 2004 में जॉर्ज बुश के कैम्पेन में हुआ था। 2016 में प्रचार के दौरान ट्रम्प ने काफी खर्च किया था। इस चुनाव की शुरुआत में भी वे मजबूत दिखाई दे रहे थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है।
जब ये माना जा रहा था कि जो बाइडेन डेमोक्रेट कैंडिडेंट होंगे, तब रिपब्लिकन पार्टी के पास 20 करोड़ डॉलर का कैश एडवांटेज था। अब उनकी बढ़त खत्म हो चुकी है। 2019 में कैम्पेन की शुरुआत से जुलाई तक ट्रम्प की कैम्पेन टीम के पास 1.1 अरब डॉलर (करीब 8115 करोड़ रुपए) थे। इसमें से 80 करोड़ डॉलर खर्च हो चुके हैं। अब उनकी टीम के कुछ लोगों को डर सता रहा है कि चुनाव में करीब दो महीने बचे हैं और कैश की दिक्कत सामने आ गई है।

गिरावट के साथ बंद हुआ भारतीय बाजार
बुधवार को कारोबार के तीसरे दिन बीएसई 171.43 अंक नीचे 38,193.92 पर और निफ्टी 39.35 अंक नीचे 11,278.00 पर बंद हुआ। कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते सुबह बीएसई 376.79 अंक नीचे 37,988.56 पर और निफ्टी 98.75 अंक नीचे 11,218.60 पर खुला था। मंगलवार को दुनियाभर के बाजारों में गिरावट देखी गई, जिसका असर आज घरेलू मार्केट पर भी रहा। बाजार में ज्यादातर इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि फार्मा, मेटल और ऑटो इंडेक्स में तेजी रही। कल बीएसई 80.84 अंक ऊपर 38,498.07 पर और निफ्टी 11,300 स्तर के पास खुला था। मंगलवार को कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 51.88 अंक नीचे 38,365.35 पर और निफ्टी 37.70 अंकों की गिरावट के साथ 11,317.35 पर बंद हुआ था।
