पोप फ्रांसिस पहली बार मास्क पहने नजर आए, अमेरिका में हर महीने 20 करोड़ टेस्ट करने की जरूरत; दुनिया में 2.77 करोड़ केस

दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 77 लाख 87 हजार 296 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 81 हजार 657 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 2 हजार 807 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

पोप फ्रांसिस बुधवार को पहली बार मास्क पहने नजर आए। हालांकि, जैसे ही उनकी गाड़ी लोगों के नजदीक पहुंची, उन्होंने मास्क उतार लिया। उन्होंने लॉकडाउन के 6 महीने बाद बीते हफ्ते से पब्लिक प्रेयर में हिस्सा लेना शुरू किया है। पिछले हफ्ते वे बिना मास्क के नजर आए थे। बुधवार को भी वे प्रेयर के दौरान बच्चों से मिले और लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

अमेरिका में हर महीने 20 करोड़ कोरोना टेस्ट करने की जरूरत है, तब कहीं अगले साल तक महामारी को नियंत्रित किया जा सकेगा। रॉकफेलर फाउंडेशन और ड्यूक-मार्गोलिस सेंटर फॉर हेल्थ पॉलिसी की नई रिपोर्ट में ये बातें कही गईं हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि इसके लिए अमेरिका को अपनी टेस्टिंग क्षमता बढ़ानी होगी। फिलहाल, देश में हर महीने 3 करोड़ टेस्टिंग की जा रही है।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 65,14,223 1,94,032 37,96,297
भारत 43,67,436 73,923 33,96,027
ब्राजील 41,65,124 1,27,517 33,97,234
रूस 10,35,789 17,993 8,50,049
पेरू 6,91,575 29,976 5,22,251
कोलंबिया 6,79,513 21,817 5,41,462
साउथ अफ्रीका 6,40,441 15,086 5,67,729
मैक्सिको 6,37,509 67,781 4,46,715
स्पेन 5,34,513 29,594 उपलब्ध नहीं
अर्जेंटीना 5,00,034 10,405 3,66,590

चेक रिपब्लिक: एक हजार से ज्यादा नए केस मिले

चेक रिपब्लिक में पहली बार 24 घंटे में संक्रमण के एक हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। संक्रमण की पहली लहर के दौरान मार्च में एक दिन में सबसे ज्यादा 377 केस मिले थे। लेकिन इस महीने हर दिन मामले 500 से ऊपर रहे हैं। इसकी वजह से सरकार ने गुरुवार से इंडोर प्लेसेज पर मास्क अनिवार्य कर दिया है।

प्राग के मुख्य रेलवे स्टेशन पर ट्रेन टनल से जाती एक महिला। कोरोना महामारी के चलते महिला ने अपने फेस कवर किया हुआ है। देश में बिना फेस प्रोटेक्शन के पब्लिक ट्रांसपोर्ट में ट्रेवल करने पर पाबंदी है।

ब्रिटेन: एक साथ छह लोग नहीं जुट सकेंगे

ब्रिटेन सरकार ने इंग्लैंड में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने पर नियम सख्त किए हैं। अब यहां पर एक साथ छह लोग नहीं जुट सकेंगे। पीएम बोरिस जॉनसन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। इंग्लैंड में पिछले तीन दिनों में संक्रमण के 8500 मामले आए हैं। इससे यहां कोरोना की दूसरी लहर का खतरा बढ़ रहा है। पूरे ब्रिटेन की बात करें तो यहां अब तक 3.52 लाख से ज्यादा मामले आए हैं और 41 हजार से ज्यादा की जान चुकी है।

लंदन में प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को मास्क लगाए नजर आए पर्यावरण कार्यकर्ता।

ब्राजील: अब तक 1.27 लाख मौतें
ब्राजील में पिछले 24 घंटे में 504 लोगों की मौत हुई है और 14 हजार 279 नए मामले आए हैं। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 41 लाख 62 हजार 73 और मरने वालों की संख्या 1 लाख 27 हजार 464 हो गई है।। यहां सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य साउ पाउलो (8.58 लाख मामले) है, इसके बाद रियो डि जेनेरियो (2.33 लाख) है।

ब्राजील के रियो ग्रांड डो सुल राज्य के एक पोल्ट्री फैक्ट्री में अपने साथियों की इंट्री करता एक कर्मचारी।

ऑस्ट्रेलिया: विक्टोरिया राज्य में 76 नए मामले
ऑस्ट्रलिया में कोरोनावायरस के हॉट स्पॉट विक्टोरिया राज्य में 24 घंटे में 76 नए मामले आए और 11 लोगों की जान गई। विक्टोरिया देश का दूसरा सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है। एक दिन पहले यहां संक्रमण के 55 मामले आए थे और 8 लोगों की जान गई थी। यहां के मेलबर्न शहर में 28 सिंतबर तक आने-जाने पर मनाही है और बड़े स्तर ट्रेसिंग की जा रही है।

मेलबर्न में सीएसएल बॉयोटेक फैसिलिटी के लैब में काम करते वैज्ञानिक। सीएसएल ने कहा है कि वह वैक्सीन पर काम कर रही है। 2021 की शुरुआत में ही ऑस्ट्रेलिया में वैक्सीन मौजूद होगी।

न्यूजीलैंड: कम्युनिटी ट्रांसमिशन के छह नए मामले आए
न्यूजीलैंड में कम्युनिटी ट्रांसमिशन के छह नए मामले सामने आए हैं। यहां के सबसे बड़े शहर ऑकलैंड में हालात बिगड़े हैं। सभी नए मामलों का कनेक्शन ऑकलैंड की ही एक चर्च से है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने चर्च से जुड़ी सभी लोगों का कोरोना टेस्ट कराने को कहा है। ऑकलैंड में प्रतिबंध भी कड़े कर दिए गए हैं। न्यूजीलैंड में 82 मामले कम्युनिटी ट्रांसमिशन के 43 मामले बाहर से आए हुए हैं।

न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में मास्क लगाए बस का इंतजार करती युवतियां। यहां कोरोना के चलते नियम सख्त कर दिए गए हैं।

वेनेजुएला: रूसी वैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल इसी महीने से
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा- देश में रूस की स्पूतनिक-वी वैक्सीन का इसी महीने से ट्रायल शुरू हो जाएगा। स्पूतनिक-वी को रूस की गामलेया नेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ इपिडेमियोलॉजी और रशियन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ) ने मिलकर बनाया है। आरडीआईएफ के सीईओ ने बताया कि रूस अभी पांच देशों के साथ मिलकर वैक्सीन का उत्पादन कर रहा है। वेनेजुएला में अब तक 54 हजार 350 मामले आए हैं और 436 लोगों की मौत हुई है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

पोप फ्रांसिस ने लॉकडाउन के 6 महीने बाद पिछले हफ्ते से पब्लिक प्रेयर में हिस्सा लेना शुरू किया है।