24 घंटे में रिकॉर्ड 96 हजार 760 संक्रमित मिले, 70 हजार 899 लोग रिकवर भी हुए; देश में 76 हजार से ज्यादा मौतें और 45 लाख मरीज

देश में 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 96,760 मरीज मिले। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 45 लाख 59 हजार 725 हो चुकी है। गुरुवार को 70 हजार 899 लोग ठीक भी हुए। रिकवर मरीजों की संख्या 35 लाख 39 हजार 983 हो चुकी है। वहीं, देश में आज 1213 लोगों की जान गई। अब तक कुल 76 हजार 288 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने ऑक्सफोर्ड और एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन का ट्रायल रोक दिया है। ब्रिटेन में ट्रायल रुकने के बाद ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने बुधवार को पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट से ट्रायल न रोकने की वजह पूछी और कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

दरअसल, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और लंदन की फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका कोरोना वैक्सीन बना रही हैं। इसका ट्रायल भारत समेत कई देशों में चल रहा है। दो दिन पहले एक व्यक्ति के बीमार होने की वजह से ब्रिटेन में उन्होंने अपने ट्रायल को रोक दिया। यह व्यक्ति इस ट्रायल में शामिल था। (एस्ट्राजेनेका के वैक्सीन ट्रायल रोकने की पूरी खबर यहां पढ़ें)

सीरम इंस्टीट्यूट ने कहा, ‘हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और एस्ट्राजेनेका के ट्रायल शुरू करने तक भारत में ट्रायल रोक रहे हैं। हम ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।’

छह राज्याें में डेथ रेट बढ़ा: पंजाब में सबसे ज्यादा 3%

देश में मृत्युदर घट रही है। पिछले आठ दिन में यह 1.70% से घटकर 1.67% पर आ गई है। लेकिन पंजाब, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और असम की बढ़ती मृत्युदर ने चिंता में डाल दिया है। दूसरी तरफ, खराब हालात वाले गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, उप्र, तेलंगाना जैसे राज्यों में यह दर तेजी से कम हो रही है।

कोरोना अपडेट्स

  • वंदे भारत मिशन के पांचवे फेज में एयर इंडिया ने गुरुवार को दिल्ली से 200 यात्रियों को लेकर चीन के लिए उड़ान भरी। इसमें ज्यादातर वहां नौकरी करने वाले लोग थे, जो कोरोना के चलते यहां फंसे थे। चीन जाने वाले सभी यात्रियों को होटलों में 14 दिन तक क्वारैंटाइन रहना होगा। भारतीय दूतावास के अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि 55 यात्री चीन से वापस आए हैं।
  • राजधानी दिल्ली में पिंक और यलो लाइन के बाद आज से रेड और ग्रीन लाइन पर भी मेट्रो शुरू हो गई। उधर, दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि राजधानी में ज्यादातर मेट्रो लाइंस शुरू हो गई हैं। आज सुबह 7 बजे से 11 बजे के बीच 47 हजार 600 लोगों ने यात्रा की।
यह फोटो इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन का है। गुरुवार सुबह ग्रीन लाइन पर मेट्रो दौड़ी। हालांकि, सुबह लोगों की तादाद काफी कम थी।

पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश
राज्य के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत हो गई है। देवास, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी समेत कई जिलों में मंगलवार-बुधवार को यह दिक्कत आई है। देवास के अमलतास अस्पताल में कोरोना मरीज 7 घंटे तक ऑक्सीजन के लिए परेशान रहे। यह परेशानी इसलिए आई, क्योंकि छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र ने सप्लाई रोक दी।

राज्य में अभी कोविड के एक्टिव केस 18 हजार 433 हैं। इनमें से 20% मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत है। महाराष्ट्र से सप्लाई रोक दिए जाने के बाद एकाएक किल्लत बढ़ गई। अस्पतालों में जुलाई में हर दिन 40 टन तो अगस्त में 90 टन ऑक्सीजन लगी। उधर, इंदौर में लगातार केस बढ़ने के बाद व्यापारियों ने वीकेंड यानी शनिवार को 5 और रविवार को शाम 6 बजे दुकानें बंद करने का फैसला किया है।

2. राजस्थान
राज्य में गुरुवार को रिकॉर्ड 1640 मरीज मिले। यह पहला मौका है, जब राजस्थान में लगातार दूसरे दिन 1600 से ज्यादा संक्रमित मिले। उधर, जोधपुर जिले में 320 मरीज मिले हैं। 24 घंटे में 2 की मौत हुई। जिले में अब तक 14 हजार 249 केस सामने आए, जबकि 12 हजार 327 स्वस्थ हो गए हैं। 116 लोग इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं।

3. बिहार
पटना जिले में गुरुवार को 206 मरीज मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 23 हजार 395 हो गई है। इनमें 21 हजार 154 ठीक हो चुके हैं। अभी 2057 एक्टिव केस हैं। ठीक हुए मरीजों की दर 90% हो गई है। राज्य में फिर 1.2 लाख लोगों के सैंपल की जांच की गई। इसके साथ अब तक 44.5 लाख कोरोना टेस्ट की जांच हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट भी 3.4% पर पहुंच गया है।

राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह की तबीयत बिगड़ने से उन्हें दिल्ली एम्स प्रशासन ने आईसीयू में शिफ्ट कर दिया है। वे 10 दिनों से एम्स में भर्ती हैं। उनके करीबियों का कहना है कि वे कोरोना के साइड इफेक्ट्स से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। उधर, राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी भी पॉजिटिव हो गए हैं।

4. महाराष्ट्र
राज्य में 24 घंटे में 23,446 नए मामले सामने आए, जबकि 495 लोगों की मौत हुई। अब तक 9 लाख 90 हजार 795 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7 लाख 15 लोग ठीक हो चुके हैं। 2 लाख 61 हजार 432 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अब तक 28 हजार 282 लोगों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में एक हफ्ते से 5 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। गुरुवार को 6 हजार 988 मरीज सामने आए। इसके साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा अब 2 लाख 92 हजार 29 पर पहुंच गया है। इनमें 2 लाख 21 हजार 506 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 66 हजार 317 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक 70.67 लाख कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


दिल्ली में पिंक और यलो लाइन के बाद गुरुवार से रेड और ग्रीन लाइन पर भी मेट्रो शुरू हो गई। दिल्ली में गुरुवार को 4 हजार से ज्यादा मामले सामने आए।