मरीजों का आंकड़ा 48 लाख के पार; स्वास्थ्य मंत्री बोले- 2021 की शुरुआत में कोरोना वैक्सीन आ सकती है, कोई शक हो तो पहला डोज मैं लगवा लूंगा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वैक्सीन को लेकर अच्छी खबर दी है। उन्होंने कहा कि अगले साल यानी 2021 के पहले तीन महीने में वैक्सीन आ सकती है। हालांकि, अभी कोई डेट देना मुमकिन नहीं होगा। डॉ. हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स के सवालों के जवाब में कहा कि एक बार वैक्सीन आने के बाद सरकार का पूरा फोकस हाई रिस्क वालों पर होगा। इनमें पहले से बीमार लोग, बुजुर्ग शामिल हैं। इन्हें सबसे पहले वैक्सीन दी जाएगी।

डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन को लेकर बनी नेशनल एक्सपर्ट कमेटी प्लान बना रही है, जिससे वैक्सीन को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि वैक्सीन तैयार करने में सभी तरह की सावधानी बरती जा रही है। इसके बावजूद अगर किसी को विश्वास की कमी है तो वह खुशी-खुशी वैक्सीन का पहला डोज लगवाने के लिए तैयार हैं।

इस बीच, देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 48 लाख के पार हो गया। अब तक 48 लाख 11 हजार 712 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें 37 लाख 49 हजार 851 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 81 हजार 965 मरीजों का इलाज अभी चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 79 हजार 224 मरीजों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कोरोना से ठीक हुए मरीजों के लिए जारी किए गए प्रोटोकॉल में कहा है कि रोज योगासन, प्राणायाम और मेडिटेशन करें। सुबह या शाम वॉक भी जरूर करें।
  • उपराष्ट्रपति सचिवालय ने कहा- राज्यसभा का मानसून सत्र शुरू होने के 72 घंटे पहले सभी सदस्यों की कोरोना जांच होगी। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी अपना कोरोना टेस्ट कराया है।
  • विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा- कोरोना से लड़ने के लिए वैज्ञानिकों का ग्रुप भारत समेत दुनियाभर में SARS-CoV-2 के जीनोमिक सीक्वेंस पर काम कर रहा है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि शनिवार को 94 हजार 372 मामले मिले। 1,114 लोगों की जान गई। देश में कुल संक्रमित 47 लाख 54 हजार 357 हो गए।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया, शनिवार को देश में 10 लाख 71 हजार 702 सैंपल की जांच की गई। अब तक 5 करोड़ 62 लाख 60 हजार 928 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
  • केजरीवाल सरकार ने कहा है कि दिल्ली में निजी अस्पताल और नर्सिंग होम में 80% आईसीयू बेड कोविड मरीजों के लिए रिजर्व रखने होंगे।

पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश
प्रदेश में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। यहां बीते 43 दिन में 852 मौतें हुई हैं। शनिवार को प्रदेश में 37 मौतें हुईं, जो 6 महीने में एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। शनिवार को भोपाल में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के ओेएसडी की भी कोरोना से मौत हो गई। वहीं, 52 जिलों में से सिर्फ डिंडौरी ही इकलौता है, जहां कोरोना से कोई मौत नहीं हुई।

2. राजस्थान
राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख को पार कर गई। इनमें 82 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस सिर्फ17 हजार के करीब हैं। इनमें से 9652 संक्रमित प्रवासी राजस्थानी हैं, जो कि विदेशों से राजस्थान पहुंचे थे। कोरोना के कारण रविवार सुबह तक प्रदेश में कुल मृतकों का आंकड़ा 1228 पर पहुंच गया।

3. बिहार
राज्य के लिए अच्छी खबर है। यहां कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट 90%हो गया है। पिछले 24 घंटे में राज्य 1 लाख 5 हजार 930 कोरोना सैंपल की जांच हुई इनमें से1421 नए संक्रमित मिले।

4. महाराष्ट्र
राज्य में मरीजों का आंकड़ा 10 लाख के पार हो गया है। 24 घंटे के अंदर यहां 22 हजार 84 नए मरीज बढ़े। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 10 लाख 37 हजार 765 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 7 लाख 28 हजार 512 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 लाख 79 हजार 768 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 29 हजार 115 लोगों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में शनिवार को संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया। 24 घंटे में संक्रमण के 6,786 नए मरीज मिले। अब तक 3 लाख 5 हजार 831 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें 2 लाख 33 हजार 527 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि 4,349 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव प्रसाद के मुताबिक, राज्य में रिकवरी रेट 76.35% हो गया है, जबकि मौत की दर 1.42% है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

फोटो संसद भवन की है। यहां फेस शील्ड और फेस मास्क पहनकर कैंटीन से चाय ले जाता कर्मचारी। सोमवार 14 सितंबर से संसद का मानसून सत्र शुरू होना है। इसके पहले पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया गया।