हेडकांस्टेबल की पत्नी ने 7वीं मंजिल से कूदी तो पोते की बीमारी से परेशान दादा ने फंदा लगाकर दी जान

गुड़गांव के सिविल लाइन स्थित पुलिस लाइन में हेडकांस्टेबल की पत्नी ने 7वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। 36 वर्षीय महिला पुलिस लाइन के सी-टावर में अपने हेड कांस्टेबल पति के साथ रहती थी। रात करीब 8.30 बजे महिला ने संदिग्ध हालत में सात मंजिला टावर पर जाकर नीचे छलांग लगा दी। गिरने के बाद महिला को एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि हेड कांस्टेबल राजेश की पत्नी कंचन मूल रूप से हिसार की रहने वाली थी और वर्ष 2006 में जींद निवासी राजेश के साथ शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। महिला के भाई प्रवीन ने दिए बयान में बताया है कि उसकी बहन कुछ दिन से मानसिक रूप से परेशान थी। इसी वजह से यह कदम उठा लिया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

पोते की बीमारी से परेशान दादा ने फंदा लगाकर जान दी
पोते की बीमारी से तनावग्रस्त दादा ने गांव डूंडाहेड़ा स्थित अपने घर पर सोमवार देर शाम कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात को जब मृतक का बेटा व अन्य परिजन घर के अंदर गए तो उन्होंने कमरा अंदर से बंद पाया। झांकने पर शव पंखे से लटका दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

गांव डूंडाहेड़ा निवासी महेंद्र सिंह (55) एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनका पोता काफी समय से बीमार है, जिसका इलाज कराने के बाद भी वह ठीक नहीं हो रहा। इससे महेंद्र काफी तनाव में था। सोमवार शाम को महेंद्र की पत्नी, बहु व पोते घर के बाहर गली में बैठे थे। महेंद्र अंदर अकेला था। उसने कमरे को अंदर से बंद कर रस्सी से पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सहायक उप निरीक्षक नरबीर सिंह ने बताया कि शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

गुड़गांव पुलिस लाइन।