देश में 24 घंटे में कोरोना के 96,729 मरीज मिले। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 52 लाख 12 हजार 623 हो गई है। इनमें अब तक 41 लाख 7 हजार 515 मरीज रिकवर हो चुके हैं। एक दिन में 1171 की जान गई। वहीं अब तक 84,465 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या एक्टिव केस से चार गुना ज्यादा है। एक्टिव केस 10 लाख 19 हजार 972 है।
इस बीच, राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता अशोक गस्ती का गुरुवार को कोरोना से निधन हो गया। 55 साल के गस्ती को संक्रमण के बाद बेंगलुरु के मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 22 जुलाई को गस्ती ने राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी। एक दिन पहले ही तिरुपति सांसद दुर्गा प्रसाद राव का भी चेन्नई के अपोलो हॉस्पिटल में कोरोना से निधन हुआ था।


राजधानी में टेस्टिंग चार गुना बढ़ा दी गई है
इस बीच, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को बताया कि राजधानी में हमने टेस्टिंग चार गुना बढ़ा दी है। ताकि ज्यादा से ज्यादा संक्रमितों को पता लगाया जा सके। बुधवार को 62 हजार 553 टेस्ट हुए। इनमें पॉजिटिविटी रेट 7.15% रहा। पिछले 10 दिनों से मृत्यु दर 0.7% है। हमारे पास 14 हजार 521 बेड हैं। इनमें से 50% भरे हैं।

दुनिया में कोरोना के 3 करोड़ से ज्यादा केस हुए
दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ से ज्यादा हो गया है। गुरुवार तक 3 करोड़ 2 लाख 36 हजार 13 केस सामने आ चुके हैं। हालांकि, इसी दौर में एक अच्छी खबर ये है कि ठीक होने वालों की संख्या भी अब 2 करोड़ 19 लाख से ज्यादा हो चुकी है। महामारी में मरने वालों की संख्या 9 लाख 48 हजार से ज्यादा हो गई है।

कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने राज्यसभा में कहा- अगले साल की शुरुआत में कोरोना वैक्सीन आने की उम्मीद है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, ‘आरोप लग रहे हैं कि महाराष्ट्र सरकार ने अच्छा काम नहीं किया। फिर एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती में हमने कोरोना की लड़ाई कैसे जीती।’
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि बुधवार को 11 लाख 36 हजार 613 टेस्ट किए गए। इसके साथ देश में अब तक 6 करोड़ 5 लाख 65 हजार 728 सैंपल की जांच की जा चुकी है।
- इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान पूरे देश में अब तक 382 डॉक्टरों की जान गई। केंद्र सरकार ने संसद में कहा था कि उसके पास कोरोना के चलते जान गंवाने वालों या इस वायरस से संक्रमित होने वाले डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टाफ का डेटा नहीं है। आईएमए ने इस बयान पर नाराजगी जताई। और कहा कि कोरोना वॉरियर्स को सरकार शहीद का दर्ज दे।
-
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गुरुवार को दिल्ली एम्स से छुट्टी दे दी गई। 30 अगस्त को कोरोना से ठीक होने के बाद गृह मंत्री को 13 सितंबर को फिर से चेकअप के लिए भर्ती कराया गया था।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में कोरोना संक्रमण की रफ्तार सबसे ज्यादा हो गई है। गुरुवार को 25 हजार 596 सैंपल जांचे गए। इनमें से 2391 सैंपल पॉजिटिव मिले। वहीं, 2963 लोग ठीक हुए। यहां अब तक 97,906 केस मिल चुके हैं। गुरुवार को इंदौर में 381, भोपाल में 213, जबलपुर में 184, उज्जैन में 37 केस मिले।

2. राजस्थान
राज्य में गुरुवार को कोरोना के रिकॉर्ड 1793 केस मिले। बीकानेर में 55, जयपुर में 369, जोधपुर में 229, पाली में 44, अजमेर में 115, बाड़मेर में 11, कोटा में 149, सवाई माधोपुर में 10, उदयपुर में 90 मामले मिले। राज्य में अब तक कुल केस 1 लाख 9 हजार 473 केस मिले चुके हैं, जबकि 1293 लोगों की मौत हो चुकी है।
15 जुलाई तक राज्य में कुल 26 हजार 437 संक्रमित थे। सितंबर में मरीज मिलने की दर दोगुनी होकर 6.12% हो गई है। हर 100 टेस्ट में 6 से ज्यादा लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं। जुलाई में यही दर 2.75%, अगस्त में 3.53% थी। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब मृत्युदर 1.29% से घटकर 1.20% रह गई है। जुलाई में यह दर 1.61% थी।

3. बिहार
राज्य में गुरुवार को 1592 मरीज मिले, जबकि 1465 लोग ठीक हुए। इनमें सबसे ज्यादा 292 मरीज पटना में मिले। राज्य में मरीजों का रिकवरी रेट 91.16% हो गया है जो राष्ट्रीय औसत से 13% ज्यादा है।
कोरोना मरीजों के ठीक होने वाली संख्या में 17 अगस्त के बाद लगातार इजाफा (3 और 4 सितंबर को छोड़कर) हो रहा है। अब तक संक्रमण की जद में आए 1 लाख 64 हजार 224 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। 24 घंटे में 1 लाख 5 हजार 128 सैंपल की जांच हुई। अब तक राज्य में 53 लाख 7 हजार 337 लोगों की जांच हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में गुरुवार को 24 हजार 619 नए मामले सामने आए। इसी के साथ यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11 लाख 45 हजार 840 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 8 लाख 12 हजार 354 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 3 लाख 1 हजार 752 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 31 हजार 351 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 468 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।

5. उत्तर प्रदेश
प्रदेश में गुरुवार को संक्रमण के 6,029 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या अब 3 लाख 36 हजार 294 तक पहुंच गई है। राज्य में 24 घंटे में 4715 लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया। इस तरह अभी तक 2 लाख 63 हजार 288 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट 78.29 प्रतिशत है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें