दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (डीडीएमए) ने सोमवार को एक पत्र जारी कर स्पष्ट किया कि दिल्ली में 30 सितंबर तक सामाजिक/ राजनीतिक/ धार्मिक/ एकेडमिक/ स्पोर्ट्स/ एंटरटेनमेंट के लिए लोगों के एकजुट होने पर पाबंदी रहेगी। दरअसल अनलॉक-4 में केन्द्र सरकार ने 21 सितंबर से अधिकतम 100 लोगों के साथ सामाजिक/धार्मिक/राजनीतिक कार्यक्रम की छूट दी है।
इस पर दिल्ली पुलिस की तरफ से पत्र लिखकर दिल्ली में स्थिति स्पष्ट करने पर जानकारी मांगी थी। इस पर डीडीएम की तरफ से पत्र जारी कर बताया गया है कि दिल्ली में 3 सितंबर के आदेश के अनुसार विवाह कार्यक्रम में अधिकतम 50 लोग और अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में अधिकतम 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। इसके अलावा सामाजिक/ राजनीतिक/ धार्मिक/ एकेडमिक/ स्पोर्ट्स/ एंटरटेनमेंट के लिए एकत्रित होने पर 30 सितंबर तक प्रतिबंध जारी रहेगा।