तीन दिन पहले डेयरी संचालक की हत्या के आरोप में मुजेसर थाने की पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी फरार हैं। हत्या करने वाले भी डेयरी संचालक हैं। इन्होंने पशुओं की खरीद को लेकर हुए विवाद में यह हत्या की थी। मुजेसर थाने में जीवन नगर पार्ट-2 निवासी चांद बाबू ने केस दर्ज कराया था कि 21 सितंबर को 4 आरोपी मनोज, गौरव, योगेश और रोहित ने उनके भाई वाहिद की सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी है। एसएचओ श्रीराम के अनुसार मृतक वाहिद और आरोपी मनोज, गौरव और रोहित डेयरी का काम करते हैं। सभी की डेयरी हैं।
आरोपी योगेश भैसों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। योगेश भैंस खरीद कर लाता और आरोपी मनोज की डेयरी पर छोड़ देता। जब तक भैंस न बिके तब तक उसका दूध मनोज इस्तेमाल करता। मृतक वाहिद की भी डेयरी है। मृतक ने 75000 रुपए में एक भैंस और एक गाय खरीदने के लिए अग्रिम 6200 रुपए योगेश को दिए थे। मृतक ने आरोपी से कहा भैंस-गाय दे दो और बाकी पैसे भी ले लो। यदि ऐसा नहीं कर सकते तो रुपए वापस कर दो। इस पर वाहिद व योगेश के बीच गाली गलौच हो गई थी। 21 सितंबर की रात योगेश ने मनोज, गौरव और रोहित से कहा कि वाहिद कुछ ज्यादा बन रहा है आज इसे सबक सिखाना है।