दुनिया के तीन देश अमेरिका, ब्राजील और पराग्वे वैश्विक महामारी के दौर में वाइल्ड फायर (जंगल की आग) से जूझ रहे हैं। अमेरिका में पिछले एक माह से आग लगी हुई है, जो 12 पश्चिमी राज्यों में 100 से ज्यादा जंगलों में फैल गई है। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य कैलिफोर्निया और ओरेगन है। इन दो राज्यों में जंगल की आग 4250 वर्ग किमी क्षेत्र में फैल गई है। दोनों राज्यों के करीब 10 लाख लोगों को घर छोड़ना पड़ा है।
मंगलवार रात अमेरिका के उत्तर कैलिफोर्निया की वाइन काउंटी में आग भड़क गई। इसकी चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 70 हजार लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि 15 हजार से ज्यादा दमकलकर्मी आग बुझाने में लगे हैं। हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज की मदद ली जा रही है। समुद्र के किनारे के इलाकों में 70-80 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इससे आग और तेजी से फैल रही है।
ब्राजील: आग में जले सैकड़ों जानवर
ब्राजील के पेंटानल के जंगलों में लगी भीषण आग से सैंकड़ों जानवरों की मौत हो गई है। ब्राजील में दुनिया का सबसे बड़ा वेटलैंड जंगल है। लेकिन इस भयावह आग के कारण जमीन की नमी खत्म हो गई है। ब्राजील में फैली आग पराग्वे तक पहुंच गई है।

पराग्वे: राजधानी के ऊपर छाया धुआं
पराग्वे में आग बुधवार को भड़क गई। इसका धुआं राजधानी असंसियन के ऊपर छा गया। यह आग ब्राजील से होते हुए यहां पहुंची। आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। यदि यह आग समय पर न बुझी तो यह बोलिविया तक पहुंच सकती है।
