देश में पहली बार 24 घंटे में 4 लाख 20 हजार 898 टेस्ट हुए हैं। अब हर दस लाख की आबादी में 11,485 लोगों की जांच हो रही है। अब तक 1 करोड़ 58 लाख 49 हजार 68 टेस्ट हो चुके हैं।
इस बीच, बुरी खबर है कि तमिलनाडु में संक्रमितों का आंकड़ा शनिवार को दो लाख के पार हो गया। यहां अब तक 2 लाख 6 हजार 737 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 6,988 नए केस मिले। राज्य में 1 लाख 51 हजार 55 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 3,409 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी 52 हजार 273 मरीजों का इलाज चल रहा है।
13.62 लाख केस, 31 हजार से ज्यादा मौतें
देश में संक्रमितों की संख्या 13 लाख 62 हजार 262 हो गई है। इसमें 8 लाख 68 हजार 744 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 13 हजार 659 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी 4 लाख 60 हजार 604 मरीजों का इलाज चल रहा है।


कोरोना संक्रमण की डरावनी रफ्तार
LIVE UPDATES :
-
फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र : भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को कोविड-19 टेस्ट बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है। फडणवीस ने पत्र में लिखा कि राज्य में कोरोना की जांच बढ़ाई जानी चाहिए। अगर ज्यादा से ज्यादा टेस्ट नहीं होंगे तो संक्रमण और बड़े स्तर पर फैलने का खतरा है।
-
पंजाब में कोरोना के 468 नए केस : पंजाब में शनिवार को कोरोना के 468 नए मामले सामने आए। अब तक 12,684 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं, जिनमें 4,096 एक्टिव केस हैं। 8,297 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 291 लोगों की मौत हो चुकी है।
-
केरल में आज 1103 नए मामले, तीन लोगों ने जान गंवाई : केरल में पिछले 24 घंटे में 1103 नए मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हो गई। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 9420 और मौत का आंकड़ा 60 है।
-
पुडुचेरी में सभी विधायकों का कोरोना टेस्ट होगा : पुडुचेरी के सीएम वी. नारायणसामी ने शनिवार को विधानसभा में कहा कि एक विधायक का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है, इसलिए सभी विधानसभा सदस्यों को खुद को सात दिनों के लिए आइसोलेट कर लेना चाहिए। 27 जुलाई को सभी विधायकों का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।
- बंगाल में दो दिन का लॉकडाउन लागू : बंगाल में शनिवार से दो दिन का पूर्ण लॉकडाउन लागू कर दिया गया। रविवार को भी यह लागू रहेगा। सोमवार को इसमें छूट मिल जाएगी।
- राज्यपाल कलराज मिश्र ने प्लाज्मा दान करने की अपील की : राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कोरोना से ठीक हो चुके मरीजों को प्लाजमा डोनेट करने की अपील की। कहा- राजस्थान सरकार ने आज कोरोना रोगियों के इलाज के लिए जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में प्लाज्मा बैंक शुरू किया। मैं सभी कोरोना से ठीक हुए लोगों से अपने प्लाज्मा दान करने की अपील करता हूं।
- दिल्ली में पॉजिटिविटी अनुपात 5% हुआ : दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राजधानी में पॉजिटिविटी अनुपात 5% तक आ गया है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
- केरल में वीकेंड पर ट्रिपल लॉकडाउन : केरल में वीकेंड पर ट्रिपल लॉकडाउन लगाया गया है। इसमें कंटेनमेंट जोन, कुछ खास क्लस्टर्स और संक्रमित घरों पर नजर रखी जाती है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 48 हजार 916 केस मिले और 757 लोगों की जान चली गई। इसके साथ देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 13 लाख 36 हजार 861 हो गई है। इनमें 4 लाख 56 हजार 71 एक्टिव मामले हैं। वहीं, 8 लाख 49 हजार 431 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं, अब तक 31 हजार 358 लोगों की जान जा चुकी है।
- महाराष्ट्र में दो दिन का लॉकडाउन लागू : महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार और रविवार को जनता कर्फ्यू लगाया गया है। आज सुबह बाजार बंद रहे और सड़कें खाली दिखीं। नागपुर में अब तक 3 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। 40 लोग इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं। शुक्रवार को शहर में 199 केस आए और 2 लोगों की मौत हुई।
- कोलकाता एयरपोर्ट पर आज भी फ्लाइट ऑपरेशन बंद रखा गया है। यह 29 जुलाई तक रहेगा।
- दिल्ली में जल्द ही सिनेमा घरों को खोल दिया जाएगा। इसके लिए राजधानी के सिनेमा घरों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पीवीआर सिनेमा के सीईओ जी दत्ता ने कहा कि हम सैनिटाइजेशन और मास्क लगाने जैसे नियमों का पालन करेंगे।

- कर्नाटक के बेल्लारी जिले में 100 साल की उम्र की एक महिला ने कोरोना बीमारी से जंग जीत ली। उसने बताया, ‘उसे बेहतर इलाज मिला। अब मैं ठीक हूं।’ उसका बेटा भी पॉजिटिव है।
-
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि शुक्रवार को 4 लाख 20 हजार 898 सैंपल की जांच हुई। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस तरह, 24 जुलाई तक देश में 1 करोड़ 58 लाख 49 लाख 68 कोरोना टेस्ट हो चुके हैं।
-
उधर, को-वैक्सीन का दिल्ली के एम्स में ट्रायल शुरू हो गया है। पहले दिन शुक्रवार को 30 साल के एक शख्स को वैक्सीन लगाई गई। अच्छी बात यह रही कि वैक्सीनेशन के बाद शख्स को किसी भी प्रकार का रिएक्शन नहीं हुआ। एम्स ने बताया कि अब धीरे-धीरे ट्रायल में वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी।
-
देश में रिकॉर्ड 48 हजार 895 मरीज मिले : शुक्रवार को देश में रिकॉर्ड 48 हजार 895 मरीज मिले। यह अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। देश में सिर्फ दो दिन में 97338 मरीज मिले। शुक्रवार को 48 हजार 443 केस सामने आए थे। वहीं, पिछले 24 घंटे में 761 लोगों की मौत हो गई।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वे अपना कोरोना टेस्ट करवा लें।
उधर, भोपाल में आज से 10 दिन का लॉकडाउन शुरू हो गया है। इस दौरान राजधानी को छोड़कर राज्य में एक जिले से दूसरे जिले की यात्रा करने के लिए ई-पास की जरूरत होगी। लॉकडाउन में क्लीनिक खोलने की अनुमति दी गई है। किराने की दुकानें बंद रहेंगी। लॉकडाउन में होटल, रेस्त्रां, किराना दुकानें, मॉल, धार्मिक स्थल, शिक्षण संस्थान, परिवहन सेवाएं, जिम, शराब दुकानें बंद रहेंगी। कोई समारोह नहीं होंगे।
उधर, इंदौर में हफ्ते में 6 दिन में बाजार खुले रहेंगे। 27 जुलाई से राखी समेत सभी दुकानें सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेंगी। ग्वालियर जिले में 2000 से ज्यादा मरीज हो गए हैं। उधर, श्योपुर में बिहार से धान रोपने आए 4 मजदूर भी पॉजिटिव मिले। उज्जैन में अब रविवार को लॉकडाउन रहेगा। शनिवार को बाजार खुले रहेंगे।

महाराष्ट्र: मुंबई में पिछले 24 घंटों में 1057 मामले सामने आए, जबकि इस महामारी से 54 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 1 लाख 06 हजार 980 हो गए हैं। शहर में अब तक 5984 लोगों की मौत हो चुकी है।

राजस्थान: राज्य में एक हफ्ते में पांचवीं बार 900 से ज्यादा केस मिले। शुक्रवार को 958 रोगी मिले। बीते 24 घंटे में 8 लोगों की मौत हुई। इनमें सबसे ज्यादा 5 जोधपुर से थे। इसके अलावा बाड़मेर में 2 और नागौर में एक व्यक्ति की जान गई। जोधपुर के बाद अब अलवर में महाविस्फोट हुआ। सबसे ज्यादा 224 रोगी मिले। जयपुर में लगातार आठवें दिन कोई मौत नहीं हुई। यहां परिवहन आयुक्त रवि जैन भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

बिहार: राज्य में शुक्रवार को रिकॉर्ड 1820 संक्रमित मिले। थोड़ी राहत यह कि इससे भी ज्यादा रिकॉर्ड 1873 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर भी लौटे। पटना में 7 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ा। इनमें एक संक्रमित युवक वह भी शामिल है, जिसने एम्स की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बिहार संक्रमितों की संख्या के मामले में राजस्थान को पीछे छोड़कर 10वें स्थान पर आ गया।

उत्तरप्रदेश: राज्य सरकार ने बताया शुक्रवार को 50 हजार 697 नमूनों की जांच की गई है। इसके साथ अब तक 17 लाख 5 हजार 348 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। अब तक 33 हजार 995 इलाकों में 1 करोड़ 33 लाख 06 हजार 810 घरों का सर्विलांस लिया गया है। इनमें छह करोड़ 77 लाख 18 हजार 224 लोग रहते हैं। प्रदेश में अब कोविड हेल्प डेस्क की संख्या बढ़कर 56 हजार 164 की गई है। इनके जरिए 69 हजार 633 पॉजिटिव की पहचान की गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें