146 दिन में संक्रमण के 5 लाख मामले सामने आए, बाकी 9 लाख केस होने में केवल 30 दिन लगे; अब हर दूसरे दिन एक लाख मरीज बढ़ रहे

हम सभी के लिए बेहद बुरी खबर है। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 14 लाख के पार हो गया है। लगातार दूसरी बार है कि एक लाख मरीज होने में केवल दो दिन लगे। संक्रमण का पहला मामला 30 जनवरी को सामने आया था। इसके बाद एक से पांच लाख केस होने में 146 दिन लगे थे लेकिन 5 से 14 लाख केस यानी बाकी 9 लाख संक्रमण के मामले होने में महज 30 दिन लगे। मतलब अब हर दूसरे दिन एक लाख संक्रमित बढ़ रहे हैं।

राहत की बात यह है कि संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। अब देश में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 64.19% हो गया है। मतलब हर 100 मरीज में 64 मरीज ठीक हो जाते हैं जबकि डेथ रेट 2.30% है। मतलब हर 100 मरीज में 2 मरीजों की मौत हो रही है।

10 लाख की आबादी में 11,798 लोगों की जांच
भारत में हर 10 लाख की आबादी में अब 11,798 लोगों की जांच हो रही है। प्रति दस लाख की आबादी में जांच के मामले में भारत दुनिया में 99वें नंबर पर है। अब तक यहां 1.62 करोड़ लोगों की जांच हो रही है। राहत की बात है कि इतनी ही आबादी में संक्रमितों के मिलने का आंकड़ा अभी अन्य देशों के मुकाबले काफी कम है।

भारत में हर 10 लाख की आबादी में 1006 संक्रमित मिल रहे हैं। इस मामले में भी भारत दुनिया में 99वें नंबर पर है।

अब हर दिन करीब 50 हजार नए केस बढ़ रहे
देश में 30 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। इसके 110 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया।

इसके बाद संक्रमितों की संख्या 2 से बढ़कर 3 लाख होने में महज 10 दिन लगे। 3 से 4 लाख मामले होने में 8 दिन और 4 से 5 लाख मामले होने में केवल 6 दिन लगे। केस बढ़ने की यह रफ्तार लगातार तेज हो रही है।

5 से 6 लाख और 6 से 7 लाख मामले होने में केवल 5-5 दिन लगे। इस बार 7 से 8 लाख मामले होने में केवल 4 दिन लगे। इसके बाद हर तीन दिन में एक लाख नए केस बढ़े और महज 12 दिनों में संक्रमितों की संख्या 8 लाख से 12 लाख तक पहुंच गई। अब 12 लाख से 13 लाख और फिर 13 से 14 लाख केस होने में केवल 2-2 दिन लगे। हर दिन अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में ही संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने की दर सबसे ज्यादा
भारत में संक्रमण का सबसे ज्यादा असर अभी महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना में देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र में अब तक 3.66 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, यहां हर 10 लाख की आबादी में 13 हजार 154 लोगों की जांच हो रही है।

इस लिहाज से अभी तक 16 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हुई है और इसमें 20.2% लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महाराष्ट्र के बाद संक्रमण का सबसे ज्यादा दर तेलंगाना में है। यहां 10 लाख की आबादी में 7 हजार 97 लोगों की जांच हो रही है और इसमें 16.8% लोग संक्रमित मिले हैं। दिल्ली तीसरे नंबर पर है। यहां संक्रमण की दर 14.9% है।

यह भी पढ़ें

1. शुरुआती 125 दिन में संक्रमितों की संख्या दो लाख हुई थी; जून के 24 दिनों में तीन लाख नए केस बढ़े, 4 से 5 लाख मामले होने में बस 6 दिन लगे

2. महज 5 दिन में केस पांच से छह लाख हो गए; यह 1 लाख मामले बढ़ने की सबसे तेज रफ्तार; शुरुआती एक लाख मामले होने में 110 दिन लगे थे

3. सिर्फ 8 दिन में एक लाख मरीज बढ़े; शुरुआती एक लाख केस 110 दिन में सामने आए थे, आधे से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए

4. कोरोना के केस 2 लाख से 3 लाख होने में सबसे कम 10 दिन लगे, शुरुआती 1 लाख मामले 110 दिन में सामने आए थे

5. रूस को पीछे छोड़ा, जहां 10 दिन में कोरोना के 67,634 मरीज बढ़े; भारत में इस दौरान 2 लाख से ज्यादा केस आए

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


Hindi NewsNationalHindi NewsNationalIndia Corona Cases Total Update | India Crosses 14 Lakh Coronavirus Cases News Updates: 10 Most Infected Countries, India’s Testing Rate Is Just More Than Mexico