24 घंटे में रिकॉर्ड 54 हजार से ज्यादा मरीज मिले, बिहार में 1 से 16 अगस्त तक लॉकडाउन; देश में अब तक 16.39 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा गुरुवार को 16 लाख के पार हो गया है। अब तक 16 लाख 39 हजार 767 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। गुरुवार को रिकॉर्ड 54 हजार 492 मरीज बढ़े। इसके पहले बुधवार 29 जुलाई को 52 हजार 263 संक्रमित मिले थे। राहत की बात है कि इनमें 10 लाख 57 हजार 395 हजार लोग ठीक भी हो चुके हैं। 5 लाख 45 हजार 488 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है जबकि 35 हजार 786 मरीजों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, बिहार सरकार ने राज्य में 1 से 16 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। इसके मुताबिक, 16 अगस्त तक राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, उप-मंडल मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय और राज्य के सभी नगरपालिका क्षेत्रों में अतिरिक्त पाबंदियां रहेंगी। सभी तरह की यातायात सुविधाएं बंद रहेंगी। इसके पहले 31 जुलाई तक राज्य में लॉकडाउन का ऐलान किया गया था।

लगातार चौथी बार सिर्फ 2 दिन में एक लाख नए केस बढ़े

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा गुरुवार को 16 लाख के पार हो गया है। लगातार चौथी बार है, जब सिर्फ 2 दिन में एक लाख नए संक्रमित मिले हैं। अब देश में हर 10 लाख की आबादी में 13,171 लोगों का टेस्ट हो रहा है। इनमें 1,152 संक्रमित मिलते हैं, जबकि इतनी ही आबादी में संक्रमण से 25 लोगों की मौत हो रही है।

इससे भी बुरी खबर है कि भारत अब दुनिया का 5वां सबसे बड़ा देश बन गया है जहां संक्रमण के चलते सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। गुरुवार को ही इस मामले में इटली को पीछे छोड़ भारत 6वें से 5वें नंबर पर पहुंच गया। भारत में अब तक 35 हजार 786 लोगों की मौत हुई है। इटली में मरने वालों का आंकड़ा 35 हजार 129 है। पहले नंबर पर अमेरिका और दूसरे पर ब्राजील है।

8 से 16 लाख मामले होने में केवल 20 दिन लगे
देश में 30 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। इसके 110 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया। आंकड़ो को देखें तो 1 से 8 लाख मामले होने में 163 दिन लगे, लेकिन अब हर दूसरे दिन एक लाख नए केस बढ़ रहे हैं। इसके चलते 8 से 16 लाख केस होने में केवल 20 दिन लगे। देश में इतने मरीजों की पहचान के लिए अब तक 1.81 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।

देश के सभी राज्य हुए प्रभावित
संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले और मौतें देश के पांच राज्यों से हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में कोरोना का प्रभाव है। यहां अब तक 4 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जबकि 14 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इस तरह से देश में कुल संक्रमितों में 25.47% मरीज और जान गंवाने वालों में 41.30% लोग यहीं से थे। इसी तरह तमिलनाडु में 2.34 लाख से ज्यादा केस और 3700 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। देश का अब कोई राज्य या केंद्र शासित राज्य ऐसा नहीं बचा है जहां संक्रमण के 50 से ज्यादा मामले न हों।

हफ्ते में दूसरी बार 50 हजार संक्रमित मिले

LIVE UPDATES:

  • बकरीद पर सीमित लोग ही मस्जिदों में नमाज अदा कर पाएंगे : केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बकरीद के मौके पर राज्य की मस्जिदों में सीमित संख्या में लोगों को नमाज अदा करने की इजाजत दी है। उन्होंने कहा कि आईसीएमआर ने दो जुलाई को हल्के लक्षण वाले कोरोना मरीजों को होम आइसोलेशन में शिफ्ट करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए। हम इसे उन लोगों पर कर रहे हैं, जिनके पास घर पर पर्याप्त सुविधाएं हैं।

  • बिहार में 1 से 16 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ाया : बिहार सरकार ने अनलॉक 3.0 की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। सरकार ने 1 से 16 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। कोरोना महामारी के मद्देनजर राज्य मुख्यालय, जिला मुख्यालय, उप-मंडल मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय और राज्य के सभी नगरपालिका क्षेत्रों में 1 से 16 अगस्त तक अतिरिक्त प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान सभी तरह की यातायात सुविधाएं बंद रहेंगी।

  • 24 घंटे में रिकॉर्ड 52 हजार से ज्यादा मामले बढ़े : देश में 24 घंटे में रिकॉर्ड 52 हजार 263 मरीज बढ़े। इस हफ्ते में यह दूसरी बार है जब संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार हुआ। इससे पहले 25 जुलाई को 50 हजार 72 मामले मिले थे। अब तक 15 लाख 87 हजार 617 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, मरने वालों का आंकड़ा 35 हजार के पार हो चुका है। देश में 10 लाख 22 हजार 565 से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। 5 लाख 29 हजार 967 से ज्यादा एक्टिव मरीज हैं, यानी इनका इलाज चल रहा है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

  • दिल्ली के अस्पतालों का होगा निरीक्षण : दिल्ली सरकार ने अस्पतालों के निरीक्षण के लिए चार समितियों का गठन किया गया है। ये निरीक्षण उन अस्पतालों में होगा जहां 1 जुलाई से 23 जुलाई के बीच कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए और जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

  • जम्मू कश्मीर सरकार ने यात्रियों के लिए प्रोटोकॉल जारी किया : जम्मू कश्मीर सरकार ने हवाई, रेल या सड़क के माध्यम से राज्य में प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए नया प्रोटोकॉल जारी किया है। इसके तहत राज्य में आने वाले सभी यात्रियों को आरटी-पीसीआर या रैपिड एंटीजन टेस्ट से होकर गुजरना होगा।

  • एमपी में स्कूल केवल ट्यूशन फीस ले सकेंगे : मध्यप्रदेश सरकार ने 31 अगस्त तक राज्य में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘कोरोना संकट के कारण प्राइवेट स्कूल छात्रों से ट्यूशन फीस के अलावा अन्य फीस नहीं लेंगे। शिक्षा विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि यदि माता-पिता फीस देने में सक्षम नहीं हैं, तो उनके बच्चे का नाम किसी भी परिस्थिति में स्कूल से नहीं हटाया जाए।’

  • महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के विधायक कोरोना से संक्रमित : महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के विधायक गुरुवार को कोरोना से संक्रमित पाए गए। इसकी जानकारी एक सरकारी अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि विधायक में दो दिन पहले कोविड-19 के लक्षण सामने आए थे और उनके नमूने की जांच की गई। इससे पहले नांदेड़ जिले के ही रहने वाले राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री अशोक चव्हाण भी वायरस से संक्रमित पाए गए थे।

  • तमिलनाडु में 1 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ाया : तमिलनाडु सरकार ने संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन 31 अगस्त तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा कि सभी जिलों के कलेक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की ओर से मिले सुझाव पर गौर करते हुए फैसला किया गया है।

  • मणिपुर में 48 साल के युवक की मौत : मणिपुर में इंफाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में 48 साल के व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। 26 जुलाई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके साथ ही राज्य में महामारी से यह दूसरी मौत है। इससे पहले बुधवार को रिम्स में ही एक 56 साल के व्यक्ति की जान गई थी। राज्य में अब तक 819 संक्रमित मिल चुके हैं।
  • महाराष्ट्र में इंडोर जिम और फिटनेस सेंटर नहीं खुलेंगे : महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि राज्य में फिलहाल इंडोर जिम और फिटनेस सेंटर्स खोलने की इजाजत नहीं होगी। 5 अगस्त से सिर्फ ऐसे जिम खोले जाएंगे जो खुली जगह में हो। यहां आने वालों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी होगा।
  • कोलकाता एयरपोर्ट पर 31 अगस्त तक फ्लाइट कैंसिल किए : कोलकाता एयरपोर्ट ने राज्य में लगाए गए लॉकडाउन को देखते हुए सात दिन के लिए सभी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी है। एयरपोर्ट के मुताबिक, 5, 8, 17, 23, 24 और 31 अगस्त को कोलकाता एयरपोर्ट से सभी फ्लाइट्स कैंसिल रहेंगी। राज्य में अब तक 65 हजार से ज्यादा मामले आए हैं।
  • तेलंगाना में गुरुवार को 1,811 मामले सामने आए और 13 मौतें हुईं। अब राज्य में संक्रमितों की संख्या 60 हजार 717 हो गई है। गुरुवार को 821 लोग ठीक हुए। फिलहाल यहां 15 हजार 640 एक्टिव केस हैं।
  • महाराष्ट्र में 31 और त्रिपुरा में 4 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है। त्रिपुरा के सीएम बिप्लब कुमार देब ने बुधवार को बताया कि 1200 हेल्थ वर्कर्स के जरिए एक जरूरी हेल्थ सर्वे किया जाना है। इसे पूरा करने के लिए राज्य में लॉकडाउन बढ़ाया जा रहा है।
  • किर्गिस्तान के बिश्केक से 145 भारतीय स्टूडेंट के साथ एयर इंडिया का विमान गुरुवार को इंदौर पहुंचा। ये स्टूडेंट वहां मेडिकल की पढ़ाई करने गए थे। नोडल अफसर डॉ अमित मालाकर ने बताया कि सभी को सात दिनों तक क्वारैंटाइन में रखा जाएगा।
  • दिल्ली हाईकोर्ट ने कोर्ट परिसर और सभी लोअर कोर्ट की बंदी 14 अगस्त तक बढ़ा दी है। मतलब 14 अगस्त तक दिल्ली में सभी कोर्ट बंद रहेंगे।

5 राज्यों का हाल

मध्य प्रदेश: राज्य में 24 घंटे में 917 नए मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 30 हजार 134 हो गई है। इनमें 20 हजार 934 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 844 मरीजों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र: 24 घंटे में 9,211 नए मामले सामने आए। 298 लोगों की मौत हुई और 7 हजार 478 मरीज ठीक हो गए। मुंबई में 24 घंटे में 1109 नए मामले सामने आए। यहां इस महामारी से 60 लोगों की मौत भी हुई। शहर में दो दिन पहले तक डबलिंग रेट बढ़कर 68 दिन और रिकवरी रेट 73% होने की बात सामने आई थी।

राजस्थान: राजस्थान में गुरुवार को 365 नए मामले सामने आए। अब यहां संक्रमितों की संख्या 40 हजार 415 हो गई है। यहां 663 लोगों की जान गई है। राज्य में फिलहाल 11 हजार 97 लोगों का इलाज चल रहा है। 28 हजार 385 लोग ठीक हुए हैं। यहां 24 घंटे में 1,144 संक्रमित मिले। 10 की मौत हुई और 992 मरीज ठीक हो गए। इस बीमारी से अब तक जयपुर में 183 लोगों की मौत हो चुकी है। जोधपुर में 81, भरतपुर में 53, अजमेर में 38, बीकानेर में 36, कोटा में 33, पाली में 30, नागौर में 23 और धौलपुर में 15 मरीजों ने दम तोड़ा है। यहां अन्य राज्यों के 35 लोगों की मौत हुई है।

बिहार: यहां 24 घंटे में 2328 संक्रमित मिले। 4 संक्रमितों की मौत हुई है और 1,284 ठीक हो गए। राज्य में कोरोना संक्रमण के अब तक 45,919 केस आ चुके हैं। 273 की मौत हो चुकी है और 30,504 ठीक हो चुके हैं।

उत्तर प्रदेश: यहां बीते 24 घंटे में कोरोना के 3 हजार 383 नए मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 77,334 हो गया है। इनमें 45,807 लोग ठीक भी हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 33 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1,530 हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


फोटो चेन्नई के राजकीय सचिवालय की है। यहां अंदर प्रवेश कर रहे कर्मचारी की थर्मल स्क्रीनिंग करती स्वास्थ्यकर्मी।