AAP पार्षद बोला- भाजपा के लोगों ने मुझे किडनैप किया:मुख्यालय ले गए, ED-CBI केस में फंसाने की धमकी दी, पुलिस कम्पलेंट के बाद छोड़ा

एक हफ्ते पहले भाजपा जॉइन करने के बाद आम आदमी पार्टी में लौटे पार्षद राम चंदर ने BJP पर किडनैपिंग का आरोप लगाया। राम चंदर ने रविवार (1 सितंबर) को एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह भाजपा के कुछ लोग उन्हें घर से अगवा करके ले गए। राम चंदर ने कहा कि जब मेरे बेटे और AAP के सीनियर नेताओं ने पुलिस को कॉल किया तब भाजपा के लोग मुझे वापस घर छोड़ कर गए। राम चंदर ने कहा, “भाजपा ने उन्हें ED-CBI केस में फंसाने की धमकी देकर किडनैप किया था।” आप नेता संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और MCD इंचार्ज दुर्गेश पाठक ने राम चंदर के वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा पर कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। पार्षद बोले- केजरीवाल को सपने में देखा, हृदय परिवर्तन हो गया
दिल्ली के वार्ड नंबर 28 से पार्षद राम चंदर ने 28 अगस्त को भाजपा जॉइन की थी। चार दिन बाद ही वे वापस AAP में आ गए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा जॉइन करने के बाद मैंने अरविंद केजरीवाल को सपने में देखा। इससे मेरा हृदय परिवर्तन हुआ और मैं वापस आम आदमी पार्टी में आ गया। राम चंदर बोले- ED और CBI से डरता नहीं, केजरीवाल का सिपाही हूं
भाजपा के कुछ लोग मुझे अपने हेडक्वार्टर ले गए थे। वहां उन्होंने मुझे धमकी दी कि ED-CBI मुझे फर्जी केस में फंसा देगी। मेरे बेटे आकाश ने पुलिस हेल्पलाइन को कॉल किया, जबकि हमारी पार्टी के सीनियर लीडर्स ने पुलिस कमिश्नर को कॉल किया। जब भाजपा को इसके बारे में पता चला, तब उन्होंने मुझे घर वापस आने दिया। मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मैं ED और CBI से डरता नहीं हूं। मैंने कुछ गलत नहीं किया है। मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक सिपाही हूं। भाजपा बोली- आप नेता अफवाहें फैला रहे
भाजपा ने आप नेताओं के इन आरोपों का खंडन किया है। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि राम चंदर आपकी पार्टी में हों या नहीं, हमें इससे फर्क नहीं पड़ता। यह साफ है कि वे अपने घर पर बैठे हैं, जबकि आप अफवाहें फैला रहे हैं।