IPL का 18वां सीजन 22 मार्च से शुरू होगा। विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे बड़े प्लेयर्स अपनी टीमों को खिताब दिलाने के लिए उतरेंगे। वहीं नेहल वाधेरा, सूर्यांश शेडगे और 13 साल के वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा अनकैप्ड खिलाड़ी भी लीग में चमक बिखरते नजर आएंगे। इन 10 अनकैप्ड खिलाड़ियों पर नजरें… 1. वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस साल राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ में खरीदा। 13 साल के वैभव IPL में बिकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। वैभव इंटरनेशनल यूथ क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर भी हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल 104 रनों की पारी खेली थी। वैभव ने 2023-24 सीजन में बिहार के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया। उन्होंने 12 साल की उम्र में रणजी डेब्यू कर इतिहास रच दिया था। वीनू मांकड़ ट्रॉफी के पांच मैचों में उन्होंने 400 रन बनाए, जिसमें नाबाद 128 रन की पारी भी शामिल रही। उन्होंने अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया से ओपनिंग भी की थी। वे यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। 2. नमन धीर, मुंबई इंडियंस पंजाब के राइट हैंड बैटर नमन धीर को मुंबई इंडियंस ने इस साल 5.25 करोड़ में खरीदा। नमन 25 साल के आक्रामक बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2023 की रणजी ट्रॉफी में 2 शतक लगाए थे। 2023 में सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली पंजाब टीम के लिए धीर ने करीब 192 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। तब उन्होंने 12 मैचों में 42.36 की औसत से 466 रन बनाए। उनके नाम 8 विकेट भी रहे। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 2024 में 20 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने टीम के लिए मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हुए 7 मैचों में 177.22 की स्ट्राइक रेट से 140 रन बनाए। उनकी विस्फोटक बैटिंग ने मेगा ऑक्शन में टीमों का ध्यान खींचा, जिस कारण उनकी बोली 5 करोड़ पार कर गई। नमन अब MI में ईशान किशन की कमी पूरी कर सकते हैं। 3. नेहल वाधेरा, पंजाब किंग्स पंजाब के नेहल वाधेरा को पंजाब किंग्स ने 4.20 करोड़ में खरीदा। 24 साल के नेहल बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ अपने डेब्यू अंडर-19 मैच में 81 रन की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने 2022 में पंजाब के स्टेट इंटर-डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में बठिंडा के खिलाफ 578 रन बनाकर ध्यान खींचा। उन्होंने गुजरात के खिलाफ अपने रणजी डेब्यू में भी शतक जड़ा था। वहीं 2022-23 के रणजी सीजन में उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ दोहरा शतक भी बनाया। डोमेस्टिक क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद मुंबई ने 2023 में नेहल वाधेरा को खरीदा। उन्होंने 2 सीजन में टीम के लिए 20 मैच खेले और 140 के स्ट्राइक रेट से 350 रन बना दिए। इनमें 2 अर्धशतक भी शामिल रहे। विस्फोटक बैटिंग के कारण मेगा ऑक्शन में उनके लिए कई टीमों ने बोली लगाई, आखिर पंजाब ने उन्हें खरीद लिया। 4. अब्दुल समद, लखनऊ सुपर जायंट्स जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर अब्दुल समद को इस साल लखनऊ सुपर जायंट्स ने 4.20 करोड़ रुपये में खरीदा। 23 साल के समद दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और लेग स्पिन बॉलिंग भी कर लेते हैं। उन्होंने 2018-19 की सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जम्मू कश्मीर के लिए डेब्यू किया और 51 गेंदों पर नाबाद 76 रन की पारी खेली। 2019-20 में वे जम्मू-कश्मीर के परमानेंट खिलाड़ी बन गए और अपने डेब्यू रणजी ट्रॉफी सीजन में लगातार 2 शतक लगा दिए। घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 लाख रुपये में समद को खरीदा था। अगले ही सीजन वे पैट कमिंस के खिलाफ लगातार छक्के मारने के लिए चर्चा में आ गए। उन्होंने अब तक 50 IPL मैचों में करीब 146 के स्ट्राइक रेट से 577 रन बनाए हैं। वे LSG की फिनिशिंग को मजबूत बनाते नजर आएंगे। 5. आशुतोष शर्मा, दिल्ली कैपिटल्स मध्यप्रदेश के ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा को इस साल दिल्ली कैपिटल्स ने 3.80 करोड़ रुपये में खरीदा। आशुतोष 26 साल के दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और बॉलिंग भी कर लेते हैं। 2023 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ टी-20 में उन्होंने महज 11 गेंद पर अर्धशतक लगा दिया था। उन्होंने 2018 में अपना घरेलू टी-20 डेब्यू किया और अगले ही साल लिस्ट-ए डेब्यू भी कर लिया। घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद पंजाब किंग्स ने आशुतोष को 2024 में 20 लाख रुपये में खरीदा। इम्पैक्ट प्लेयर बनाकर आशुतोष का इस्तेमाल किया गया, उन्होंने जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ आसानी से छक्के लगाए। 9 मैचों में करीब 167 के स्ट्राइक रेट से उनके नाम 189 रन रहे। हार्ड हिटिंग एबिलिटी ने मेगा ऑक्शन में आशुतोष की कीमत बढ़ा दी, अब वे दिल्ली से खेलेंगे। 6. अंशुल कंबोज, चेन्नई सुपर किंग्स हरियाणा के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को इस साल चेन्नई सुपर किंग्स ने 3.40 करोड़ रुपये में खरीदा। 24 साल के अंशुल ने नवंबर 2024 में रणजी ट्रॉफी की एक पारी में सभी 10 विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने 2023-24 की विजय हजारे ट्रॉफी के 10 मैचों में 17 विकेट लेकर हरियाणा को खिताब दिलाया था। उन्होंने 2024 में IPL डेब्यू किया और मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने ट्रैविस हेड जैसे बैटर को बोल्ड किया था, अब वे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। 7. अंगकृष रघुवंशी, कोलकाता नाइट राइडर्स मुंबई के दाएं हाथ के बैटर अंगकृष रघुवंशी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 3 करोड़ रुपये में खरीदा। 20 साल के अंगकृष ने 2022 का अंडर-19 वर्ल्डकप जीतने वाली टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने ग्रुप स्टेज मैच में 144 रन की पारी भी खेली थी। रघुवंशी ने 2023-24 रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए डेब्यू किया। उन्हें उसी साल IPL में केकेआर ने भी चुन लिया। रघुवंशी ने इम्पैक्ट प्लेयर बनकर टीम से ज्यादातर मैच खेले। वे अपनी पहली IPL पारी में ही फिफ्टी लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए थे। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सिर्फ 27 गेंदों पर 54 रन बनाए। मेगा ऑक्शन में उनके लिए कई टीमों ने बोली लगाई, लेकिन KKR ने उन्हें जाने नहीं दिया। 8. सूर्यांश शेडगे, पंजाब किंग्स मुंबई के दाएं हाथ के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा। 22 साल के सूर्यांश ने पिछले साल सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी के नॉकआउट मैचों में मुंबई के लिए मैच विनिंग पारियां खेलीं। विदर्भ के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 12 गेंद पर 36 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के शामिल रहे। उन्होंने फिर फाइनल में महज 15 गेंद पर 36 रन बनाए और टीम को फिनिश लाइन के पार पहुंचाया। उन्होंने सेमीफाइनल में गेंदबाजी से कमाल दिखाया और 2 ओवर में महज 11 रन देकर 2 विकेट लिए। सूर्यांश ने टूर्नामेंट में हर चौथी गेंद पर छक्का और हर 5 गेंदों में 2 बाउंड्री लगाईं। 9. समीर रिजवी, दिल्ली कैपिटल्स उत्तर प्रदेश के दाएं हाथ के बल्लेबाज समीर रिजवी को दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में खरीदा। समीर ने रणजी ट्रॉफी 2019-20 के दौरान 16 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। उन्होंने 2023 में यूपी टी-20 लीग की 9 पारियों में 455 रन बनाए, जिसमें दो शतक भी शामिल थे। यूपी लीग में नाम कमाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने रिजवी को 7.80 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने अपने पहले मैच में पहली ही गेंद पर राशिद खान के खिलाफ छक्का लगा दिया। हालांकि, उन्हें पिछले सीजन ज्यादा मौके नहीं मिले, चेन्नई ने उन्हें रिलीज भी कर दिया। अब वे दिल्ली के मिडिल ऑर्डर को संभालेंगे। 10. लवनीत सिसोदिया, कोलकाता नाइट राइडर्स कर्नाटक के विकेटकीपर बल्लेबाज लवनीत सिसोदिया को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा। 25 साल के लवनीत लेफ्ट हैंड बल्लेबाज हैं और टॉप ऑर्डर में बड़े-बड़े शॉट्स खेलते हैं। उन्होंने 2021 के कॉर्पोरेट 50 ओवर टूर्नामेंट में 129 गेंदों पर 26 चौके और 26 छक्के लगाकर 312 रन की पारी खेली थी। 2022 में लवनीत को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन वे इंजरी के कारण बाहर हो गए। उन्होंने फिर महाराजा ट्रॉफी KSCA टी-20 टूर्नामेंट के तीनों सीजन में कमाल दिखाया और 30 से ज्यादा की औसत से हर बार 300 प्लस रन बनाए। कर्नाटक के लिए 15 टी-20 में उन्होंने 124 रन बनाए हैं। ———————————– IPL सीरीज पार्ट-4 में कल पढ़िए 5 टीमें, जो IPL से गायब हो गईं IPL में इस बार 10 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन 18 साल के IPL इतिहास में 5 टीमें ऐसी भी रहीं, जो अब टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं हैं। इनमें से एक के खिलाफ तो सचिन तेंदुलकर ने अपना इकलौता टी-20 शतक भी लगाया है। वहीं एक टीम तो चैंपियन बनने के बाद भी टूर्नामेंट से गायब हो गई। पूरी खबर कल पढ़िए…