MP-छत्तीसगढ़ समेत 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट:UP के 17 जिलों में बाढ़; बिहार की 7 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

पूरे देश में मानसून सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश तेलंगाना, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ-मराठवाड़ा (महाराष्ट्र), छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तर कर्नाटक, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में बाढ़ के हालात हैं। 97 गांवों से संपर्क टूट गया है। रविवार को 44 जिलों में 6.3 मिमी बारिश हुई। सबसे ज्यादा 37.2 मिमी बारिश हमीरपुर में रिकॉर्ड की गई। गंगा, सरयू, राप्ती समेत कई नदियां उफान पर हैं। गोरखपुर में राप्ती नदी के आसपास के 25 से ज्यादा गांव पानी में डूब चुके हैं। उधर, उत्तर बिहार की 7 नदियां घाघरा, गंडक, बागमती, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी खतरे के निशान से ऊपर हैं। बिहार में पिछले 48 घंटे में आकाशीय बिजली से 25 लोगों की मौत हुई है। भागलपुर में गंगा नदी के जलस्तर बढ़ने से 24 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में है। बिहार में नदियां उफान पर, हालात खराब
पिछले कई दिनों से नेपाल में भारी बारिश हो रही है। उत्तर बिहार की नदियां उफान पर हैं। वहीं, 24 घंटे में गंगा का जलस्तर पटना के दीघा घाट पर 32 सेमी और गांधी घाट पर 21 सेमी बढ़ा है। पटना में दीघा घाट पर खतरे का निशान 50.45 मीटर पर है। यहां गंगा का जल्स्तर 47.99 मीटर है, जो लगातार बढ़ रहा है। वहीं, गांधी घाट पर लाल निशान 48.60 मीटर पर है, जबकि गंगा 47.41 मीटर पर बह रही है। यहां भी पानी लगातार बढ़ रहा है। बगहा में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। नैनाहा ढाला से नैनाहा गांव तक जाने वाली सड़क पानी में बह गई हैं। सड़क कहीं 5 फीट तो कहीं 20 फीट तक टूट चुकी हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। इसके साथ ही भागलपुर में बाढ़ की चपेट में 24 से ज्यादा गांव हैं। देखिए, बारिश की तस्वीरें…