MP-छत्तीसगढ़ समेत 6 राज्यों में मानसून की एंट्री:बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और पूर्वी यूपी में 3-4 दिन में पहुंच सकता है

मानसून ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार 21 जून को दस्तक दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बिहार, महाराष्ट्र के बाकी हिस्से और ईस्ट UP में अगले 3-4 दिन में मानसून पहुंच सकता है। वहीं, वेस्टर्न UP के जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बीते कुछ दिन से 43°-45° टेम्परेचर झेल रही दिल्ली में भी शुक्रवार बारिश हुई और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। IMD ने बताया कि देश में अब तक (1 से 20 जून तक) 77 मिमी बारिश हुई। यह इस दौरान होने वाली बारिश से 17% कम है। 1 से 20 जून तक देश में 92.8 मिमी बारिश हो जाती है। मानसून: कहां-कहां पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। इसके चलते उत्तर भारत में हीटवेव चल रही है। मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था। 18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा। देश में इस सीजन हीटस्ट्रोक के 40 हजार मामले
हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 1 मार्च से 18 जून तक करीब 41 हजार से ज्यादा हीटस्ट्रोक के केसेज रिकॉर्ड किए गए। वहीं, हीटवेव से 114 लोगों की मौत हुई है। इस बार हीटवेव के दिन औसत से दोगुने थे। मौसम विभाग ने इस महीने भी सामान्य से अधिक तापमान का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण देश में तेज गर्मी का असर अब तक देखने को मिल रहा है। मौसम की तस्वीरें… आगे कैसा रहेगा मौसम राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: भोपाल, इंदौर-जबलपुर में अगले 48 घंटे में मानसून पहुंचेगा,​​​ ग्वालियर-दतिया में गर्मी रहेगी भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत 8 जिलों में अगले 48 घंटे में मानसून एंटर हो सकता है। इससे पहले यहां पर प्री-मानसूनी एक्टिविटी जारी रहेगी। पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में मानसून शुक्रवार को प्रवेश कर चुका है। शाजापुर, राजगढ़ में शनिवार को तेज बारिश होने का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, प्री-मानसून से 10 डिग्री तक लुढ़का पारा राजस्थान में प्री-मानसून से 10 डिग्री तक पारा लुढ़क गया है। गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार को जयपुर सहित 26 जिलों में बारिश के आसार हैं। जैसलमेर जिले के पोकरण में शनिवार सुबह बारिश से मौसम सुहावना हो गया। अलवर में शुक्रवार रात आठ बजे बारिश से कई घरों में पानी भर गया। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: 29 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 100 किमी दूर मानसून, 2-3 दिन में पहुंचने की संभावना यूपी में बारिश-बादलों के चलते गर्मी कम हुई है। मौसम विभाग ने शनिवार को 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 6 जिलों में हीटवेव की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि यूपी में 2-3 दिन में मानसून आने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: गोपालगंज, अररिया समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, दरभंगा में कमला नदी का बढ़ा जलस्तर बिहार में मानसून की एंट्री के साथ ही इसका असर दिखने लगा है। आज पटना, नालंदा, गया, मुंगेर, जहानाबाद समेत पूरे बिहार में बारिश होने की संभावना है। 5 जिले पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 3 दिन बारिश से 10 डिग्री गिरा पारा; सिरसा में सबसे अधिक बरसात, 27 से बदलेगा मौसम हरियाणा में 3 दिन की बारिश से मौसम में बड़ा बदलाव देखने मिला है। दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आई है। सिरसा में हुई बारिश के दौरान कच्चे मकान की छत गिरने से उसके मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। हालांकि, आज से फिर मौसम खुष्क रहेगा। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 40 डिग्री से नीचे गिरा तापमान, प्रदेश में अब तक 71% कम बारिश, 26 जून से प्री-मानसून की उम्मीद वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के बाद पंजाब के तापमान में भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य पर पहुंच गया है। सभी जिलों का तापमान 34 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। आने वाले तीन दिन शुष्क रहने वाले हैं, जबकि 26 जून से पंजाब में प्री-मानसून के सक्रिय होने के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: आज 6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, रायपुर-बिलासपुर भी पहुंचा मानसून बीजापुर और सुकमा में अटका मानसून शुक्रवार को रायपुर, पेंड्रा, कोरबा और रायगढ़ जिले के कुछ हिस्से तक पहुंच गया है। धमतरी, गरियाबंद, राजनांदगांव और दुर्ग जिले में भी मानसून सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। एक-दो दिन में प्रदेश के पूरे हिस्सों में मानसून पहुंचेगा। पूरी खबर पढ़ें…