MP-राजस्थान के 53 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:यूपी के 15 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार, वाराणसी सबसे गर्म; 25 राज्यों में आज बूंदाबांदी

भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को मध्य प्रदेश के 45 और राजस्थान के 8 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। राजस्थान में रविवार सुबह से भीषण गर्मी रही। दोपहर के बाद नागौर, चितौड़गढ़, कोटा सहित 10 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। मध्य प्रदेश के 8 शहरों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। राजस्थान के हनुमानगढ़ और एमपी के अशोकनगर में ओले भी गिरे। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 15 से ज्यादा जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। वाराणसी 42.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के ज्यादातर इलाकों में तापमान में 5 से 6 डिग्री तक और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र सहित 25 राज्यों में बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। रविवार को वाशिम जिले के कई इलाकों में बारिश हुई है। राज्यों की मौसम की तस्वीरें… अगले तीन के दिन मौसम का हाल 13 मई: दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में तापमान 38°C से 44°C के बीच रह सकता है। बारिश की स्थिति कम रहेगी। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र में तापमान 40°C के करीब रह सकता है। कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना में भी तापमान में 3°C-7°C बढ़ सकता है। साथ में उमस भी बढ़ेगी। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश के तापमान में कमी आने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल में बर्फबारी भी हो सकती है। 14 मई: दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र में तापमान 38°C से 44°C के बीच रह सकता है। आंधी-बारिश और तूफान की भी आशंका है। कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना में तापमान 40°C के करीब जा सकता है, यहां समुद्री इलाकों में उमस बढ़ेगी। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में भी तापमान बढ़ने की संभावना है। 15 मई: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में बादल छा सकते हैं, हल्की बारिश और धूल भरी संभावना है। उत्तर प्रदेश में तापमान 31-44°C के बीच रह सकता है। साथ ही बारिश भी हो सकती है। राजस्थान में तेज गर्मी रहेगी। हिमाचल प्रदेश के निचले और पहाड़ी इलाकों में बिजली गिर सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में तापमान 35-42°C रह सकता है। झारखंड-ओडिशा में गर्मी रहेगी। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक में बारिश हो सकती है। राज्यों में मौसम का हाल… राजस्थानः हनुमानगढ़-नागौर में ओले गिरे, उदयपुर में महिला की मौत, 8 जिलों में आंधी-बरसात का अलर्ट राजस्थान में रविवार दोपहर बाद कई जिलों में मौसम बदल गया। हनुमानगढ़, नागौर, चितौड़गढ़, कोटा, बीकानेर में बादल छाए, आंधी चली। कई स्थानों पर बारिश हुई। हनुमानगढ़ में ओले भी गिरे। मौसम में हुए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली। उदयपुर में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 12 मई को 8 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेशः 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, भोपाल, इंदौर-ग्वालियर में पानी गिरेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और टर्फ का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। इस वजह से प्रदेश में तेज आंधी और बारिश का दौर है। रविवार को भोपाल, मंदसौर, शहडोल, खरगोन, अशोकनगर में तेज आंधी चली और बारिश हुई। अशोकनगर में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार, ऐसा ही मौसम सोमवार को भी बना रहेगा। प्रदेश के 45 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेशः 42.2°C के साथ वाराणसी सबसे गर्म; 14 मई से लू चलने की संभावना यूपी में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के 50 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तापमान 40 के पार चला गया। वाराणसी का तापमान 42.2°C के साथ सबसे गर्म रहा। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणाः 6 जिलों में आज बारिश का अलर्ट; 8 जिलों में चलेगी तेज हवाएं, तापमान 3.9 डिग्री गिरा हरियाणा में मौसम विभाग के अनुसार, आज (सोमवार को) 6 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के 8 जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी है। अन्य जिलों में मौसम खुश्क रहेगा। इससे पहले रविवार को प्रदेश का मौसम बदला और कई जिलों में बारिश व ओलावृष्टि के साथ आंधी भी चली। पूरी खबर पढ़ें… पंजाबः आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 60km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, समराला में तापमान 40.8 डिग्री पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार 11 मई को राज्य के अधिकतम औसत तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, हालांकि शाम होते ही पंजाब के कई जिलों से बारिश की खबर आई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार समराला (लुधियाना) में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जो इस समय सबसे गर्म स्थान है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल प्रदेश: 7 जिलों में आज बारिश होगी, कल से साफ रहेगा मौसम, तापमान में होगी बढ़ोतरी हिमाचल के कई भागों में आज मौसम खराब रहेगा। प्रदेश के सात जिलों में हल्की बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार, ऊना, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल स्पीति के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें…