MP-UP समेत 8 राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना:मुंबई में ऑरेंज अलर्ट, बिहार की महिलाओं की कोसी से गुहार- शरीर बचने दीजिए

देशभर में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई के ऊपर चक्रवाती घेरा बना हुआ है, इसके चलते IMD ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे सड़क, रेल और एयर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं। भागलपुर में गंगा और कोसी से कटाव हो रहा है। कई घर नदी में समा चुके हैं। ऐसी स्थिति देखकर ग्रामीणों में डर का माहौल है। गांव की महिलाएं कटाव स्थल पर पूजा-पाठ करने लगीं हैं। गीत गा कर कोसी से गुहार लगा रहीं हैं- कोसी मइया, रौद्र रूप कम कीजिए। बहुत भयंकर स्थिति है। हमलोगों को बसने के लिए जमीन दे दीजिए। मोदी सरकार अनाज दे रही। पर घर है ही नहीं। घर रहेगा तब न अनाज रखेंगे। देश में बारिश का असर बिहार: बिजली गिरने से 48 घंटे में 28 की मौत
बिहार में गुरुवार से मानसून एक्टिव है। भागलपुर में कोसी उफान पर है। नदी का कटाव तेज हो गया है। आकाशीय बिजली गिरने से पिछले 48 घंटे में राज्य में 28 लोगों की मौत हो गई। 13 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश: बाढ़ से 20 लाख की आबादी प्रभावित
यूपी में नदियां उफान पर हैं। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शाहजहांपुर में करीब 2 से 3 फीट पानी भर गया। हाईवे के एक हिस्से को बंद कर दिया गया है। पहाड़ों में हो रही बारिश से नेपाल-यूपी बॉर्डर के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज के करीब 800 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों में करीब 20 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित है। शाहजहांपुर में बाढ़ से हालत बिगड़ने लगे हैं। लोगों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड: लैंडस्लाइड के कारण बद्रीनाथ रूट पर लंबा जाम
बद्रीनाथ रूट पर लैंडस्लाइड के कारण दोनों तरफ लंबा जाम लगा है। हालांकि, प्रशासन की टीमें तेजी से मलबा हटा रही हैं। बद्रीनाथ में 11 जुलाई को उपचुनाव की वोटिंग हुई थी। यहां से लौट रही 36 पोलिंग पार्टियों को गुरुवार को मलबे के बीच से पैदल निकाला गया। बद्रीनाथ से आने-जाने वाले ज्यादातर श्रद्धालु जोशीमठ में फंसे हुए हैं। इसके चलते पूरा इलाका हाउसफुल है। यहां के होटलों ने भी किराया बढ़ा दिया है। यात्रियों ने बताया कि जिस होटल में पहले 1 से 2 हजार रुपए ले रहे थे, वहां 4 से 5 हजार रुपए ले रहे हैं। रेस्टोरेंट वालों ने भी खाने के दाम बढ़ा दिए हैं। हालांकि, SDM जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना है कि हमने होटल एसोसिएशन से बात की है। लगातार अनाउंसमेंट भी करा रहे हैं, ताकि कोई ज्यादा किराया न ले। श्रद्धालुओं को तकलीफ न हो। आज 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने आज 21 राज्यों कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना, असम, मेघालय, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र), छत्तीसगढ़ में तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है। देशभर में बारिश की तस्वीरें… आगे मौसम कैसा रहेगा… सेंट्रल वाटर कमीशन बोला- 10 महीने में पहली बार बढ़ा जलाशयों का जलस्तर
सेंट्रल वाटर कमीशन ने बताया है कि देश के जलाशयों का जल स्तर पिछले साल सितंबर के बाद पहली बार बढ़ा है। दरअसल, भारत के 150 जलाशयों की निगरानी करने वाले CWC ने 4 जुलाई को नई जानकारी साझा की है। इसमें बताया गया है कि वाटर लेवल कुल 2 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, CWC ने कहा है कि इन जलाशयों का कुल स्टोरेज लेवल पिछले साल की तुलना में गिर गया है। फिलहाल जो 2 परसेंट बढ़ोतरी के आकड़े सामने आए हैं, वह मौजूदा स्टोरेज लेवल की तुलना में देखे गए आंकड़े हैं। अगर पिछले साल के स्टोरेज लेवल से आज का जल स्तर नापेंगे तो यह कम ही आएगा।