PM मोदी 11वीं बार लालकिले पर तिरंगा फहराएंगे:1037 जवानों को वीरता और सेवा पदक मिलेंगे; 6 हजार स्पेशल गेस्ट में किसान, युवा और महिलाएं शामिल

देश आज 15 अगस्त को अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराएंगे। पीएम मोदी सुबह सबसे पहले महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जाएंगे। राजघाट से मोदी लाल किला पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने करेंगे। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे। 78वें स्वतंत्रता दिवस की थीम विकसित भारत है। इसके तहत स्वतंत्रता के 100वें साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। देशभर से स्वतंत्रता दिवस से पहले की तस्वीरें 1037 जवान वीरता और सेवा पदक से सम्मानित होंगे
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 1037 जवानों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसमें पुलिस, फायर, होमगार्ड और सिविल डिफेंस (HGCD) और सुधार सेवाओं के जवान शामिल हैं। गृह मंत्रालय के अनुसार, 214 जवानों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें एक राष्ट्रपति वीरता पदक (PMG) और 213 वीरता पदक (GM) शामिल हैं। पुलिस के जवानों को सबसे ज्यादा 208 पदक मिलेंगे। वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक तेलंगाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल चादुवु यादैया को दिया गया है। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को हुई डकैती के मामले में वीरता दिखाई थी। CRPF को सबसे ज्यादा 52 वीरता पदक जाएंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस के 31 जवानों को वीरता पदक मिलेगा। इनके अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के 17-17, छत्तीसगढ़ के 15 और मध्य प्रदेश के 12 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए जाएंगे। 150 महिला सरपंच स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचेंगी लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में इस बार 6 हजार स्पेशल गेस्ट शामिल होंगे। केंद्र सरकार की ओर से जारी लिस्ट में स्पेशल गेस्ट को 11 कैटेगरी में बांटा गया है। इनके अलावा 18 हजार ई-निमंत्रण कार्ड भेजे गए हैं। 150 महिला सरपंच को भी न्योता भेजा गया है। मेरी माटी मेरा देश योजना के तहत 400 एनएसएस वॉलंटियर्स, माईभारत योजना के 100 लाभार्थी और पीएम श्री स्कूलों के स्टूडेंट्स भी इसमें शामिल होंगे। सरकार की योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल हो रहे हैं। पेरिस ओलिंपिक में शामिल हुए भारतीय दल को भी स्वतंत्रता दिवस प्रोग्राम का न्योता दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस प्रोग्राम में आमंत्रण कार्ड दिखाने पर एंट्री मिलेगी
दिल्ली पुलिस ने लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए गाइडलाइंस जारी की है। कार्यक्रम में केवल आमंत्रण कार्ड के जरिए ही एंट्री मिलेगी। साथ ही आयोजन स्थल के अंदर किसी भी तरह के खाने-पीने का समान ले जाने की मनाही है। बैग और ब्रीफकेस भी नहीं ले जा सकते हैं। मोबाइल ले जा सकते हैं, लेकिन कैमरा, दूरबीन, आईपॉड, रेडियो, हैंडीकैम, डिजिटल डायरी, आईपैड और मोबाइल चार्जर ले जाना मना है। बीड़ी-सिगरेट, माचिस, लाइटर के अलावा परफ्यूम और स्प्रे भी नहीं ले जा सकते हैं। रिमोट से चलने वाली कार लॉक की चाबियां और पावर बैंक भी नहीं ले जा सकते। रक्षा मंत्रालय आज 15 लाख पेड़ लगाएगा
78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रक्षा मंत्रालय देशभर में 15 लाख पेड़ लगाएगा। यह एक पेड़ मां के नाम (ए ट्री इन द नेम ऑफ मदर) अभियान का हिस्सा है। इसमें तीनों सेना के साथ DRDO, डिफेंस पीएसयू, सीजीडीए, एनसीसी, सैनिक स्कूल, आयुध कारखानों से संबंधित ऑर्गेनाइजेशन शामिल होंगे। पीएम मोदी ने 5 जून को पर्यावरण दिवस के मौके पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने भारत एवं दुनिया भर के सभी लोगों से मां को श्रद्धांजलि के रूप में एक पेड़ लगाने की अपील की। 2023 स्वतंत्रता दिवस पर मोदी ने 3 गारंटी दी थी
पिछले साल लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस करीब ढाई घंटे तक चला था। मोदी ऑफ-व्हाइट कुर्ता और काले रंग की जैकेट में नजर आए थे। उन्होंने जोधपुरी बांधनी प्रिंट साफा पहना। जिसमें पीला, हरा और लाल रंग था। पीएम मोदी ने 90 मिनट भाषण दिया। उन्होंने देशवासियों को 3 गारंटी भी दीं। पहली- 5 साल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा, दूसरी- शहरों में किराए के मकानों में रहने वालों को बैंक लोन में रियायत मिलेगी और तीसरी- देशभर में 25 हजार जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। विश्वकर्मा योजना शुरू होगी।