PPF में हर महीने ₹500 का निवेश बनाएगा लखपति:इसमें 7.1% ब्याज के साथ इनकम टैक्स छूट भी मिलेगी, समझें निवेश का पूरा गणित

अगर आप ऐसी स्कीम में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं जहां आपका पैसा भी सुरक्षित रहे और आपको निश्चित और अच्छा रिटर्न भी मिलता रहे, तो पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) स्कीम आपके लिए सही साबित हो सकती है। इस स्कीम के तहत फिलहाल 7.1% सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इसमें हर महीने सिर्फ 500 रुपए निवेश करके आप आसानी से लखपति बन सकते हैं। इसके अलावा इस योजना में निवेश करके आप इनकम टैक्स छूट का फायदा भी ले सकते हैं। हम आपको इस स्कीम के साथ यह भी बता रहे हैं कि आप हर महीने कितना निवेश करके कितना फंड तैयार कर सकते हैं। 500 रुपए में खोल सकते हैं अकाउंट
PPF अकाउंट खोलने के लिए आवश्यक न्यूनतम राशि 500 रुपए है। किसी वित्त वर्ष में न्यूनतम 500 रुपए जमा करने की जरूरत है, जबकि अधिकतम निवेश सीमा 1.5 लाख रुपए सालाना तय की गई है। 15 साल का रहता है मैच्योरिटी पीरियड
PPF अकाउंट 15 साल में मैच्योर होता है। आप चाहे तो मैच्योरिटी के बाद पूरा पैसा निकाल सकते हैं। हालांकि अगर आपको पैसे की जरूरत नहीं है तो इसे 5-5 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।इसके लिए मैच्योरिटी पूरा होने के एक साल पहले ही बढ़ाना होगा। 5 साल का रहता है लॉक इन पीरियड
हालांकि PPF अकाउंट खोलने वाले साल के बाद 5 साल तक इस खाते से पैसा नहीं निकाला जा सकता। ये अवधि पूरा होने के बाद फॉर्म 2 भर कर पैसा निकाला जा सकेगा। हालांकि 15 साल साल पहले पैसा निकालने पर आपके फंड से 1% की कटौती की जाएगी। हर महीने 12,500 रुपए निवेश करने पर मिलेंगे 1.02 करोड़ रुपए
इस स्कीम के जरिए अगर आप 1 करोड़ रुपए का फंड तैयार करना चाहते हैं तो आपको 25 साल तक हर महीने 12,500 रुपए निवेश करने होंगे। वहीं अगर आप 10 हजार रुपए महीना निवेश करते हैं तो आपको 25 साल बाद लगभग 81.76 लाख रुपए मिलेंगे। यहां जानें इसमें निवेश करने पर आपको कितना फायदा होगा। मिलता है टैक्स छूट का लाभ
PPF में निवेश EEE की कैटेगिरी में आता है। यानी योजना में किए गए पूरे निवेश पर आपको टैक्स छूट का लाभ मिलता है। इसमें इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत सालाना 1.5 लाख रुपए तक के निवेश पर टैक्स छूट का लाभ लिया जा सकता है। वहीं इस योजना में निवेश से मिलने वाले ब्याज और मैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि पर भी किसी तरह का टैक्स नहीं देना होता। कौन खोल सकता है PPF अकाउंट?
कोई भी व्यक्ति किसी पोस्ट ऑफिस या बैंक में अपने नाम पर यह अकाउंट खोल सकता है। इसके अलावा नाबालिग की तरफ से किसी और व्यक्ति द्वारा भी से खाता खोला जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें