UN में मोदी का भाषण:कहा- दुनिया में शांति के लिए वैश्विक संस्थाओं में बदलाव जरूरी, समुद्र और स्पेस भी जंग का मैदान बन रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका दौरे के तीसरे दिन सोमवार को संयुक्त राष्ट्र संघ की जनरल असेंबली (UNGA) के समिट ऑफ द फ्यूचर को संबोधित किया। लगभग 4 मिनट के भाषण में PM मोदी ने दुनिया के सुरक्षित भविष्य को लेकर भारत का पक्ष रखा। उन्होंने UN से विश्व की बड़ी संस्थाओं में बदलाव की मांग की। मोदी ने कहा, “मानवता की सफलता मिलकर काम करने में है। जंग के मैदान में नहीं। दुनिया की शांति के लिए वैश्विक संस्थाओं में बदलाव जरूरी हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा- नई दिल्ली में अफ्रीकन यूनियन को G20 समिट की पूर्ण सदस्यता दिलाई गई। ये ग्लोबल संस्थाओं में बदलाव की तरफ अहम कदम रहा। मोदी ने भाषण की शुरुआत नमस्ते कहकर की। उन्होंने कहा, “विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत और उसके 140 करोड़ लोगों की तरफ से आपको नमस्कार। जून में मानव इतिहास के सबसे बड़े चुनाव में लोगों ने मुझे तीसरी बार सेवा का मौका दिया। मैं उनकी बात रखने यहां आया हूं।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन का नाम लिए बिना मैरिटाइम रूट्स पर बढ़ते खतरों का भी जिक्र किया है। दरअसल, चीन ने हाल ही के सालों में हिंद महासागर और प्रशांत महासागर इलाके में अपने मौजूदगी को बढ़ाया है। भारत इस तरह के विस्तारवाद की निंदा करता है। मोदी का पूरा भाषण यहां सुनें… मोदी ने जिस समिट में भाषण दिया वो क्या है, भारत का दुनिया के खतरों पर क्या स्टैंड है, 3 अहम सवालों के जवाब… सवाल 1: समिट ऑफ फ्यूचर क्यों हो रहा है?
जवाब: इस समिट का मकसद धरती के भविष्य को आने वाले खतरों से बचाना है। समिट में ग्लोबल पीस, सतत विकास, क्लाइमेट चेंज, मानवाधिकार और जेंडर जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। 2021 में UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस ने एक मीटिंग बुलाने की मांग की थी, जिसमें इन चुनौतियों पर चर्चा हो सके। ये समिट 3 साल की देरी से हो रही है। दरअसल 2015 में UN ने दुनिया के खतरों को पहचानते हुए वर्ल्ड लीडर्स के सामने 17 लक्ष्य रखे थे। लगभग 10 साल पूरे होने को हैं इनमें से सिर्फ 17% गोल ही अचीव हो पाए हैं। 1970 से 2021 के बीच क्लाइमेट चेंज की वजह से 11,778 आपदाओं में 20 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। UN हर हाल में इन्हें रोकना चाहता है। एंटोनियो गुटेरेस का मानना है कि अगर दुनिया ने अभी कोई एक्शन नहीं लिया तो धरती को बचाने में देर हो जाएगी। इसलिए UN 22 और 23 सितंबर को समिट ऑफ फ्यूचर हुआ। सवाल 2: भारत का दुनिया पर मंडरा रहे खतरों पर क्या स्टैंड है? जवाब: भारत ग्लोबल साउथ देशों का नेतृत्व करता है। क्लाइमेट चेंज हो या ग्लोबल पीस या मानवाधिकार ग्लोबल साउथ देश इन मुद्दों से जूझ रहे हैं। ऐसे में भारत ये समिट कराने के पक्ष में रहा है। समिट के मुद्दों पर भारत का स्टैंड… 1) ग्लोबल पीस- PM मोदी का कहना है, “ये समय जंग का नहीं है।” भारत UNSC समेत UN के दूसरे संस्थानों में बदलाव की मांग करता है। भारत का मानना है, जब तक वैश्विक संस्थाओं में नए देशों को नहीं जोड़ा जाएगा तब तक दुनिया में कोई अहम बदलाव लाना मुमकिन नहीं है। 2) क्लाइमेट चेंज- मोदी के इस बयान से भारत का स्टैंड साफ है। उन्होंने कहा था- दुनिया को बर्बाद करने में भारत का रोल नहीं है। पूरी दुनिया के कार्बन एमिशन में भारत की भूमिका न के बराबर है। भारत G20 का इकलौता देश है जिसने क्लाइमेट गोल को सबसे पहले पूरा किया है। 3) तकनीक के खतरे- भारत का मानन है साइबर क्राइम दुनिया के बड़े खतरों में शामिल हो रहे हैं। तकनीक को कंट्रोल करने के लिए निष्पक्ष नियमों की जरूरत है। सवाल 3: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट में क्यों शामिल हुए हैं?
जवाब: प्रधानमंत्री मोदी समिट में भारत का पक्ष रखने के लिए शामिल हुए। मोदी ने UN में शामिल देशों को बताया कि भारत दुनिया पर मंडरा रहे खतरों को लेकर क्या कर रहा है। मोदी के 3 दिन के अमेरिका दौरे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पहला दिन- मोदी के कंधे पर हाथ रखकर बाइडेन बोले-क्वाड बना रहेगा:UNSC में भारत की परमानेंट सीट का समर्थन किया; PM बोले- हम किसी के खिलाफ नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे के पहले दिन शनिवार (21 सितंबर) को राष्ट्रपति बाइडेन के होम स्टेट डेलावेयर पहुंचे। यहां वे देर रात 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार) अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ऑस्ट्रेलियाई PM एंथनी अल्बनीज और जापान के PM फूमियो किशिदा के साथ क्वाड (क्वाड्रिलेटरल सिक्योरिटी डायलॉग) समिट में शामिल हुए। बैठक के बाद क्वाड लीडर्स के फोटोशूट में बाइडेन से अमेरिकी चुनाव के बाद संगठन के अस्तित्व को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर बाइडेन ने PM मोदी के कंधे पर हाथ रखकर कहा कि क्वाड चुनाव के बाद भी बना रहेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें… दूसरा दिन – न्यूयॉर्क में PM मोदी बोले- नियति मुझे राजनीति में लाई:प्रवासियों से कहा- मैं देश में भटका, जो मिला खा लिया, जहां सोने को मिला सोया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका दौरे के दूसरे दिन रविवार को न्यूयॉर्क में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। मोदी ने एक घंटे 7 मिनट दिए भाषण में अपने राजनीतिक जीवन, भारत की तरक्की और प्रवासियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री के न्यूयॉर्क के नासाउ वेटरंस कॉलेजियम पहुंचते ही हजारों लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। मोदी के स्वागत में पहले अमेरिका का राष्ट्रगान और फिर भारत का राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद मोदी ने भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा ऐसा रहा जिसमें मैं सालों तक देश में भटकता रहा, जहां खाना मिला खा लिया ,जहां सोने को मिला सो लिया, समंदर से पहाड़ों और रेगिस्तान तक को जाना। पूरी खबर यहां पढ़ें…