उत्तर भारत के राज्यों में तेज ठंड का दौर लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश में 20 साल बाद दिसंबर के दूसरे ही हफ्ते में कोल्डवेव चल रही है। अमूमन यहां तीसरे या चौथे हफ्ते तक शीतलहर चलती है। तेज सर्दी के कारण शनिवार को चित्रकूट के एक किसान की मौत हो गई। राज्य में सबसे ज्यादा ठंड अयोध्या में पड़ रही है। यहां तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल में 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में भी रात का पारा 4 डिग्री से कम पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा- दिसंबर में 10 साल में दूसरी बार इतना कम पारा दर्ज किया गया। राजस्थान में 11 शहरों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। MP और राजस्थान के कुल 15 शहरों में शनिवार को तापमान 4 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में 2-3 दिन तक ठंड का दौर जारी रहेगा। रविवार को बिहार-हरियाणा समेत 14 राज्यों में कोल्डवेव का अलर्ट है। पंजाब और MP में सीवियर कोल्डवेव की चेतावनी जारी की गई है। ठंड बढ़ने के कारण आगे मौसम कैसा रहेगा दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पं. बंगाल, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले दो-तीन दिन शीतलहर का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी रहेगी। हिमालय से सटे पंजाब में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि नॉर्थ ईस्ट के असम, नगालैंड, मेघायल, त्रिपुरा, मणिपुर और पश्चिमी प्रदेश ओडिशा में कोहरा छाया रहेगा।