केजरीवाल बोले- चुनाव से पहले दिल्ली की सड़कें ठीक होंगी:मरम्मत के लिए CM को लेटर लिखा; बगल में बैठीं आतिशी बोलीं- हमने टेंडर जारी किए

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली की सड़कें जल्द ही ठीक होंगी। मैंने सड़कों की मरम्मत के लिए CM आतिशी को लेटर लिखा है। मुझे खुशी है कि हमारे विधायकों और नेताओं ने शहर की सभी सड़कों का निरीक्षण किया। केजरीवाल की इस प्रेस कांफ्रेंस में आतिशी भी बगल में बैठी दिखीं। आतिशी ने कहा- हमें केजरीवाल का लेटर मिला। इसके तुरंत बाद पीडब्ल्यूडी ने सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। अभी 89 में से 74 सड़कों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। बाकी 15 सड़कों के लिए टेंडर जारी करने का प्रोसेस जारी है। 23 सितंबर को आतिशी ने CM का पदभार संभाला, केजरीवाल के लिए खाली कुर्सी छोड़ी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी ने 23 सितंबर को पदभार संभाला था। आतिशी ने CM ऑफिस में एक खाली कुर्सी छोड़ दी थी और खुद दूसरी कुर्सी पर बैठीं। आतिशी ने कहा था- ‘जैसे राम के वनवास जाने के बाद भरत ने खड़ाऊं रखकर अयोध्या का सिंहासन संभाला, मैं उसी तरह दिल्ली CM की कुर्सी संभालूंगी। 4 महीने बाद दिल्ली के लोग केजरीवाल को फिर से इसी कुर्सी पर बैठाएंगे। तब तक ये कुर्सी इसी कमरे में रहेगी और केजरीवाल जी का इंतजार करेगी।’ दिल्ली शराब नीति केस में 13 सितंबर को जमानत पर बाहर आने के बाद केजरीवाल ने 17 सितंबर को CM पद से इस्तीफा दे दिया था। 21 सितंबर को आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनीं। 23 सितंबर को उन्होंने 5 मंत्रियों के साथ शपथ ली। केजरीवाल के इस्तीफे से लेकर आतिशी के CM चुने जाने का सफर… 21 सितंबर: आतिशी दिल्ली की नई CM बनीं, शपथ के बाद केजरीवाल के पैर छुए आतिशी ने 21 सितंबर को दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राजनिवास में उपराज्यपाल (LG) विनय सक्सेना ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ के बाद आतिशी ने अरविंद केजरीवाल के पैर छुए। वे ​​​​​दिल्ली की सबसे युवा (43 साल) CM हैं। इससे पहले केजरीवाल 45 साल की उम्र में CM बने थे। आतिशी बतौर महिला सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद दिल्ली की तीसरी महिला CM हैं। आतिशी के अलावा सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने मंत्री पद की शपथ ली। कैबिनेट में मुकेश अहलावत एकमात्र नया चेहरा हैं। आतिशी ने शिक्षा, PWD और वित्त समेत 13 विभाग अपने पास रखे। वहीं, सौरभ भारद्वाज को हेल्थ समेत 8 प्रमुख विभाग का जिम्मा दिया गया। आतिशी कालकाजी सीट से तीन बार की विधायक हैं। 17 सितंबर: केजरीवाल ने उप राज्यपाल वीके सक्सेना को इस्तीफा सौंपा केजरीवाल ने 17 सितंबर की शाम उपराज्यपाल (LG) को सीएम पद से इस्तीफा सौंपा था। उनके साथ आतिशी और 4 मंत्री मौजूद रहे। इसके बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया था। इसके बाद आतिशी ने कहा कि अगले चुनाव तक मेरे पास सिर्फ दो काम हैं। पहला- दिल्ली के लोगों की भाजपा के षड्यंत्र से रक्षा करना। दूसरा- केजरीवाल को फिर से सीएम बनाना। 13 सितंबर: शराब नीति केस में केजरीवाल 177 दिन बाद जेल से रिहा हुए 21 मार्च 2024 को शराब नीति केस में ED ने दो घंटे की पूछताछ के बाद केजरीवाल को उनके घर से गिरफ्तार किया था। 177 दिन बाद सुप्रीम काेर्ट ने 13 सितंबर 2024 को उन्हें जमानत दी थी। अरविंद केजरीवाल से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… केजरीवाल बोले- NDA शासित 22 राज्यों में मुफ्त बिजली देंगे तो मैं भाजपा के लिए प्रचार करूंगा AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 6 अक्टूबर को जनता की अदालत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी। उन्होंने कहा अगर प्रधानमंत्री दिल्ली चुनाव से पहले NDA शासित 22 राज्यों में मुफ्त बिजली देने की घोषणा करेंगे तो मैं भाजपा के लिए प्रचार करूंगा। पढ़ें पूरी खबर… CM आवास के बाद क्या केजरीवाल की सिक्योरिटी भी छिनेगी, इस्तीफे के बाद सैलरी और भत्तों पर क्या असर दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफे के बाद केजरीवाल को दी जाने वाली ‘जेड प्लस’ कैटेगरी की सिक्योरिटी घटाई जा सकती है। इसमें 10 NSG कमांडो व पुलिसकर्मियों सहित 55 कर्मियों का सुरक्षा घेरा हाेता है। सुरक्षा एजेंसियां केजरीवाल को होने वाले खतरे को ध्यान में रखकर फैसला लेंगी कि केजरीवाल को सुरक्षा देना है या नहीं। पूरी खबर पढ़ें