जम्मू-कश्मीर के कठुआ में एक आतंकी ढेर:एनकाउंटर का आज दूसरा दिन; कल हेड कांस्टेबल की मौत हुई थी, DSP और ASI घायल

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बिलावर तहसील स्थित कोग-मंडली में आज (रविवार को) दूसरे दिन सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि आज दोपहर में एक आतंकी मारा गया है। आतंकी का शव बरामद हो गया है। जम्मू जोन के एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस आनंद जैन ने बताया कि सुरक्षाबलों ने शनिवार, 28 सितंबर को सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। उन्हें तीन से चार विदेशी आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। देर शाम आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल बशीर अहमद की मौत हो गई। DSP और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर घायल हुए थे। दोनों अधिकारियों की हालत अभी स्थिर है। कुलगाम में 2 आतंकी ढेर, 5 सुरक्षाकर्मी घायल
कुलगाम के आदिगाम देवसर इलाके में भी शनिवार, 28 सितंबर को एनकाउंटर हुआ। इसमें सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। गोलीबारी में सेना के 4 जवान और कुलगाम के ASP घायल हुए। साउथ कश्मीर के DIG जाविद इकबाल मट्टू ने भास्कर को बताया कि आदिगाम एनकाउंटर में मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान हो गई है। इनमें एक आतंकी आकिब अहमद शेरगोजरी जाे बडगाम के चडूरा का रहने वाला है। दूसरा आतंकी उमैस वानी है, जो कुलगाम के ही चावलगाम का रहने वाला है। दोनों आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम करते थे।