ट्रूडो सरकार बोली- अमित शाह ने कनाडा में हिंसा कराई:मंत्री ने माना- उन्होंने ही अमेरिकी अखबार को दिया था गृहमंत्री का नाम

कनाडा सरकार ने आरोप लगाया है कि उनके देश में सिख अलगाववादियों को निशाना बनाने की साजिश के पीछे गृह मंत्री अमित शाह का हाथ है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा के विदेश उप-मंत्री डेविड मॉरिसन ने मंगलवार को एक संसदीय पैनल में ये दावा किया। मॉरिसन ने संसदीय पैनल में कहा कि उन्होंने अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट को बताया था कि इस मामले में भारत के गृहमंत्री शामिल हैं। मॉरिसन ने कहा, “वॉशिंगटन पोस्ट के पत्रकार ने मुझे फोन किया और पूछा कि क्या यह (अमित शाह) वही शख्स हैं। मैंने कहा कि हां, यह वही हैं।” हालांकि इस दौरान मॉरिसन ने कोई और जानकारी या सबूत नहीं दिया। यह पहली बार है, जब कनाडाई अधिकारी ने खुलकर भारत सरकार के किसी मंत्री का नाम लिया है। अमेरिकी मीडिया हाउस वॉशिंगटन पोस्ट ने 14 अक्टूबर को कनाडाई अधिकारियों के हवाले से दावा किया था कि गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय खुफिया एजेंसी RAW ने मिलकर कनाडा में खुफिया जानकारी इकट्ठा करने और खालिस्तानी आतंकियों पर हमले की इजाजत दी थी। भारतीय विदेश मंत्रालय और कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस मामले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, भारत सरकार कनाडा के ऐसे पिछले सभी आरोपों को निराधार बताते हुए किसी भी तरह शामिल होने से इनकार कर चुकी है। खबर अपडेट हो रही है…