मलावी के उपराष्ट्रपति की प्लेन क्रैश में मौत:24 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद विमान का मलबा मिला, सभी 9 सवार मारे गए

अफ्रीकी देश मलावी के उप-राष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा की प्लेन क्रैश में मौत हो गई है। मलावी के राष्ट्रपति लाजारस चकवेरा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 24 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद उप-राष्ट्रपति के विमान का मलबा बरामद हुआ है। एयरक्राफ्ट में 9 लोग सवार थे इनमें से कोई जिंदा नहीं बचा। मलावी के उप-राष्ट्रपति का विमान सोमवार सुबह ही रडार से गायब हो गया था। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एविएशन अथॉरिटी कई बार विमान से संपर्क करने की कोशिश की थी। लेकिन उसे कोई सफलता नहीं मिली। चिलिमा का एयरक्राफ्ट भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2:47 बजे मलावी की राजधानी लिलोंग्वे से रवाना हुआ था। यह करीब 45 मिनट बाद मजुजू शहर के एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। हालांकि, खराब मौसम की वजह यह लैंड न हो सका। इसके बाद विमान को वापस लिलोंग्वे ले जाने का आदेश दिया गया। इसके बाद यह विमान लापता हो गया था। विमान को ढूंढने के लिए मलावी ने अमेरिका, ब्रिटेन, नॉर्वे और इजराइल की सरकार से भी मदद मांगी थी। मैप में देखिए विमान की टेकऑफ और लैंडिंग लोकेशन… 10 किमी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया
मलावी के राष्ट्रपति लाजारस चकवेरा ने सोमवार को देश को संबोधित करते हुए कहा था कि मुझे पूरी उम्मीद है कि हम विमान और उसमें सभी सवार सभी लोगों को समय पर खोजने में सफल रहेंगे। विमान जिस रास्ते से गुजर रहा था, वहां 10 किलोमीटर के फॉरेस्ट रिजर्व में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हादसे को देखते हुए राष्ट्रपति ने बहामास के लिए अपनी यात्रा रद्द कर दी थी। भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार हुए थे उपराष्ट्रपति
51 साल के उप-राष्ट्रपति चिलिमा पिछले 10 साल से मलावी के उप-राष्ट्रपति हैं। उन्हें अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर देखे जा रहे हैं। उन्हें 2022 में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पिछले महीने पब्लिक प्रॉसिक्यूशन के डायरेक्टर की तरफ से मामले को बंद करने के लिए नोटिस दायर किया गया था। इसके बाद मलावी की एक अदालत ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हटा दिए। चिलिमा ने हमेशा इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। ये खबर भी पढ़ें… ईरान के राष्ट्रपति रईसी का हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन:अमेरिका-इजराइल से तनाव के बीच वाइस प्रेसिडेंट मुखबेर अंतरिम राष्ट्रपति बने ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (63 ) और विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियन का 19 मई को एक हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया। अजरबैजान से लौटते समय उनका हेलिकॉप्टर लापता हो गया था। हादसे में हेलिकॉप्टर सवार सभी 9 लोग मारे गए। पूरी खबर यहां पढ़े…