रेखा गुप्ता बोलीं- सोचा नहीं था CM बनूंगी:दिल्ली में सभी 48 विधायक टीम मोदी के रूप में काम करेंगे, शपथ दोपहर 12 बजे

रेखा गुप्ता दिल्ली की 7वीं मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। दोपहर 12 बजे वह रामलीला मैदान पर शपथ लेंगी। उनके साथ 6 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। विधायक दल की बैठक से तीन घंटे पहले ही दैनिक भास्कर ने इसकी जानकारी दे दी थी। हमने बताया था कि RSS ने रेखा गुप्ता का नाम सुझाया था, जिसे भाजपा ने मान लिया है। शपथ लेने से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं पीएम मोदी और बीजेपी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी।’ विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा था।