मोदी आज नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन करेंगे:1600 साल पुराने खंडहर का भी दौरा करेंगे; 17 देशों के मिशन प्रमुख मौजूद रहेंगे

पीएम नरेंद्र मोदी नालंदा पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में वे प्राचीन नालंदा यूनिवर्सिटी के नए स्वरूप को देश को समर्पित करेंगे। इससे पहले वो प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर भी घूमेंगे। पीएम के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी रहेंगे। साथ में कई देशों के राजदूत, केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों के रहने की भी संभावना है। लोकसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी की बिहार में यह पहली सरकारी यात्रा है। माना जा रहा है कि पीएम इस दौरान एनडीए की मजबूती और नीतीश कुमार के साथ एकजुटता का मैसेज भी देंगे। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट से नालंदा के लिए रवाना हो गए हैं। कब-कहां आएंगे पीएम मोदी जानकारी के अनुसार पीएम मोदी आज सुबह सबसे पहले विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां बिहार के राज्यपाल और सीएम नीतीश उनका स्वागत करेंगे। गया से सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से पीएम उड़ान भरेंगे। नालंदा खंडहर के पास के महाविहार परिसर में पीएम का हेलीकॉप्टर उतरेगा। इसके बाद प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर देखने नालंदा पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री को प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के इतिहास की जानकारी भारतीय पुरातत्व विभाग के डायरेक्टर एस भट्टाचार्य देंगे। महाविहार परिसर में तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। चौथा हेलीपैड रास बिहारी हाई स्कूल के खेल मैदान में बनाया गया है, जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड करेगा। इसके बाद पीएम हेलीकॉप्टर से सुबह 10:30 के करीब 17 किमी दूर राजगीर में बने नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस पहुंचेंगे। यहां वो करीब डेढ़ घंटे रूकेंगे। यूनिवर्सिटी कैंपस में बने सुषमा स्वराज ऑडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम के दौरान नए कैंपस का उद्घाटन करेंगे। पीएम यहां 17 देशों के मिशन प्रमुखों की मौजूदगी में सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे के करीब पीएम मोदी राजगीर से वापस हेलीकॉप्टर से गया एयरपोर्ट के लिए निकल जाएंगे। पीएम की सिक्योरिटी में 17KM तक बैरिकेडिंग प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर नालंदा से राजगीर तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई हैं। इसमें पहला घेरा एसपीजी, दूसरा घेरा सेंट्रल फोर्स और तीसरे लेयर की सुरक्षा में बिहार पुलिस के जवान मुस्तैद किए गए हैं। राजगीर से लेकर नालंदा तक कुल 17 किलोमीटर में सड़क के दोनों छोर की बैरिकेडिंग की गई है। पीएम के तौर पर नालंदा का तीसरा दौरा पीएम नरेंद्र मोदी सबसे पहले साल 2013 में नालंदा आए थे। उस वक्त वो गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने सरमेरा के अहियापुर मुसहरी गांव जाकर पटना रैली के दौरान हुए बम विस्फोट में मारे गए युवक विकास के परिजनों से मुलाकात की थी। इसके बाद साल 2015 में बतौर प्रधानमंत्री विधानसभा चुनाव के दौरान 15 अक्टूबर को बिहारशरीफ प्रखंड के गोलापर हवाई अड्डा में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए थे। आगे चार स्लाइड में नए नालंदा यूनिवर्सिटी को जानिए