ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री बने कीर स्टार्मर:14 साल वनवास के बाद लेबर पार्टी की सत्ता वापसी; सुनक ने पत्नी संग 10 डाउनिंग स्ट्रीट छोड़ी

ब्रिटेन में शुक्रवार, 5 जुलाई को सत्ता बदल गई। सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी 14 साल बाद लेबर पार्टी से चुनाव हार गई। इसके कुछ घंटे बाद भारतवंशी ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लेबर पार्टी के 61 साल के कीर स्टार्मर देश के 58वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। सुनक ने हार स्वीकार कर पार्टी से माफी मांगी है। उन्होंने स्टार्मर को भी फोन कर जीत की बधाई दी। आम चुनाव में लेबर पार्टी को बंपर जीत मिली है। पार्टी ने कुल 650 सीटों में से 412 जीत दर्ज की है। 2 सीटों के नतीजे शनिवार को आएंगे। सरकार बनाने के लिए 326 सीटों की जरूरत होती है। उधर कंजर्वेटिव 120 सीटों पर सिमट गई। यह कंजर्वेटिव पार्टी की पिछले 200 सालों में सबसे बड़ी हार है। ब्रिटेन के नए पीएम कीर स्टार्मर ने अब तक 6 लोगों को कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी दी है। ग्राफिक के जरिए देखिए अब तक के नतीजे… स्टार्मर ने सुनक की तारीफ की, कहा- अब रीसेट का समय
जीत के बाद स्टार्मर ने स्पीच दी। उन्होंने पूर्व पीएम ऋषि सुनक की मेहनत को सलाम किया। लोगों से कहा कि चाहे आपने हमें वोट किया हो या नहीं, मेरी सरकार आप सब के लिए काम करेगी। अब ‘रीसेट’ का समय आ गया है। हालांकि, हालातों को बदलने में समय लगेगा। मैं एक-एक ईंट जोड़कर देश को फिर से बनाऊंगा। पीएम मोदी ने ब्रिटेन के नए PM को दी शुभकामनाएं
ब्रिटेन के आम चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि वे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद करते हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने ऋषि सुनक के नेतृत्व की सराहना की और अपने कार्यकाल के दौरान भारत और ब्रिटेन के संबंधों को प्रगाढ़ करने में उनके ‘सक्रिय योगदान’ के प्रति आभार जताया। दिनभर के अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाइए…