पेरिस ओलिंपिक के लिए 28 एथलीट्स की भारतीय टीम:नीरज चोपड़ा लीड करेंगे; पारुल चौधरी दो इवेंट में भाग लेने वाली इकलौती खिलाड़ी

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने 26 जुलाई से शुरू होने वाले पेरिस ओलिंपिक के लिए 28 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम की घोषणा कर दी है। टोक्यो ओलिंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। नीरज चोपड़ा के साथ ही इस बार जेवलिन में किशोर जेना भी भाला फेंकते हुए नजर आएंगे। वहीं पिछले साल एशियन गेम्स में महिलाओं के जेवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतने वाली अन्नू रानी भी पेरिस में जेवलिन थ्रो में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। पेरिस ओलिंपिक के लिए 28 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम में 17 पुरुष और 11 महिला एथलीट शामिल हैं। 8 एथलीट टोक्यो ओलिंपिक में ले चुके हैं हिस्सा
नीरज चोपड़ा और अन्नू रानी के अलावा, पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज के एथलीट अविनाश साबले, पुरुषों मे एशिया के टॉप शॉट पुटर में से एक तजिंदरपाल सिंह तूर, महिला रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी और 4×400 मीटर रिले धावक मोहम्मद अनस, अमोज जैकब और सुभा वेंकटेशन तीन साल पहले टोक्यो में हिस्सा ले चुके हैं। मोहम्मद अनस भारतीय पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम का हिस्सा हैं और लगातार तीसरी बार ओलिंपिक गेम्स में भाग लेंगे। पारुल चौधरी 3000 और 5000 मीटर स्टीपलचेज में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
पारुल चौधरी 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगी। वह दो इंडिविजुअल इवेंट में भाग करने के लिए चुनी गई एकमात्र एथलीट हैं। उन्होंने पिछले साल एशियन गेम्स में 5000 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था और 3000 मीटर स्टीपलचेज में सिल्वर मेडल जीता था। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अक्षदीप सिंह, विकास सिंह और परमजीत सिंह बिष्ट पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि सूरज पंवार मिक्स्ड मैराथन इवेंट में प्रियंका गोस्वामी के साथ हिस्सा लेंगे।
अक्षदीप सिंह, राम बाबू, विकास सिंह, परमजीत सिंह बिष्ट और सूरज पंवार सभी पेरिस ओलिंपिक में पुरुषों की 20 किमी रेस वॉक स्पर्धा के लिए क्वालिफाई थे। सूरज ने वर्ल्ड रैंकिंग के जरिए जगह बनाई, जबकि बाकी चार ने प्रवेश मानक को पूरा किया था। पुरुष: अविनाश साबले (3,000 मीटर स्टीपलचेज), नीरज चोपड़ा, किशोर कुमार जेना ( जेवलिन), तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट पुट), प्रवीण चित्रवेल, अबुल्ला अबूबकर (ट्रिपल जंप), अक्षदीप सिंह, विकास सिंह, परमजीत सिंह बिष्ट (20 किमी वॉक रेस), मुहम्मद अनस, मुहम्मद अजमल, अमोज जैकब, संतोष तमिलारासन, राजेश रमेश (4×400 मीटर रिले), मिजो चाको कुरियन (4×400 मीटर रिले), सूरज पंवार (वॉक मिक्स्ड मैराथन), सर्वेश अनिल कुशारे (हाई जंप)। महिला: किरण पहल (400 मीटर), पारुल चौधरी (3,000 मीटर स्टीपलचेज और 5,000 मीटर), ज्योति याराजी (100 मीटर हर्डल रेस), अन्नू रानी (जेवलिन थ्रो ), आभा खटुआ (शॉट पुट), ज्योतिका श्री दांडी, सुभा वेंकटेशन, विथ्या रामराज, पूवम्मा एमआर (4×400 मीटर रिले), प्राची (4×400 मीटर), प्रियंका गोस्वामी (20 किमी वॉक रेस)।