जरूरत की खबर-गर्मियों से ज्यादा बारिश में डिहाइड्रेशन का खतरा:खूब पानी पीने से स्किन हेल्दी, बाल मजबूत, डाइट में शामिल करें ये फूड

चिलचिलाती धूप सहने के बाद मानसून का मौसम आते ही गर्मी से राहत मिलती है। लेकिन मौसम बदलते ही प्यास कम लगने लगती है। इसका बड़ा कारण बारिश के मौसम में वातावरण में मौजूद नमी है। बारिश में पसीना नहीं निकलता। यही वजह है कि बरसात का मौसम आते ही लोग पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे शरीर को हर मौसम में पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। अगर बारिश के मौसम में शरीर हाइड्रेटेड न रहे तो स्किन और बालों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही वायरस या बैक्टीरिया से होने वाली कई बीमारियां भी अपनी चपेट में ले सकती हैं। इसलिए आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि बारिश के मौसम में कितना पानी पीना चाहिए? साथ ही जानेंगे कि- एक्सपर्ट: डॉ. उर्वी महेश्वरी, फिजिशियन, जायनोवा शेलबी हॉस्पिटल (मुंबई) डॉ. कौशिकी गुप्ता, डाइटिशियन, मेट्रो हॉस्पिटल (फरीदाबाद) सवाल- बारिश के मौसम में प्यास कम क्यों लगती है? जवाब- गर्मी के मौसम में टेम्परेचर ज्यादा होने की वजह से शरीर से पसीना ज्यादा आता है। इससे शरीर जल्दी डिहाइड्रेटेड होने लगता है और प्यास लगती है। इसे लेकर सेलिब्रिटी डाइटिशियन एंड न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने क्या बताया है, इस ग्राफिक से समझिए- वीडियो में पूजा कहती हैं कि मानसून के दौरान लोग पर्याप्त पानी इसलिए भी नहीं पीते हैं कि वे लगातार अपने आस-पास बहुत अधिक मात्रा में पानी देखते हैं। इसके अलावा तापमान कम होने की वजह से इस मौसम में प्यास कम लगती है। सवाल- बारिश के मौसम में हर रोज कितना पानी पीना चाहिए? जवाब- डॉ. कौशिकी गुप्ता बताती हैं कि बारिश के दिनों में भी आपको एक दिन में 8 से 10 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। प्यास न लगने पर भी पानी थोड़ी-थोड़ी देर में पीते रहें। पानी का इंटेक कम न होने दें। बारिश के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहेगा और इम्यून सिस्टम सही बना रहेगा। इससे कई सीजनल बीमारियों का खतरा कम होगा। सवाल- बारिश के समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीना क्यों जरूरी है? जवाब- मानसून ऐसा समय होता है, जब ज्यादातर लोग वायरल और फ्लू की वजह से बीमार पड़ते हैं। दरअसल बारिश के मौसम में मेटाबॉलिज्म और पाचन तंत्र स्लो हो जाता है। इससे इम्यून सिस्टम पर असर पड़ता है। बैक्टीरिया और वायरस की वजह से इस मौसम में कम्युनिकेबल डिजीज का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए बारिश के मौसम में पर्याप्त पानी पीना चाहिए। पानी हमारे शरीर से इम्यूनिटी को कमजोर करने वाले टॉक्सिक सब्सटेंस को बाहर निकाल देता है और हेल्दी गट बैक्टीरिया पनपने के लिए अनुकूल माहौल बनाता है। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि पानी हमारे शरीर के लिए कितना फायदेमंद है। सवाल- बारिश के मौसम में पानी पीने से स्किन चमकदार क्यों रहती है? जवाब- बारिश के मौसम में तापमान के उतार-चढ़ाव के कारण कई लोगों को कील-मुंहासे हो जाते हैं। इसलिए जरूरी है कि बॉडी डिटॉक्स और बॉडी का थर्मोडायनेमिक्स मेंटेन रखने के लिए प्रतिदिन 2-3 लीटर पानी पीना चाहिए। इससे स्किन साफ व हाइड्रेटेड रहती है और ग्लो करती है। दरअसल पानी स्किन में नमी के लेवल को बढ़ाने में मदद करता है, जो स्किन की सेल्स को नया बनाने के साथ पोषित करने के लिए जरूरी हैं। इससे स्किन दाग-धब्बों से मुक्त रहती है। सवाल- बारिश के मौसम में पर्याप्त पानी पीने से बीमारियों का रिस्क कैसे कम होता है? जवाब- बारिश के मौसम में बैक्टीरिया या मच्छरों की प्रजनन क्षमता बढ़ जाती है। इससे जल-जनित बीमारियां जैसे हैजा, टाइफाइड, डायरिया के मामलों में तेजी से इजाफा होता है। पानी पीने से शरीर में पोटेशियम और मैग्नीशियम की मात्रा बढ़ती है, जो शरीर को स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है। सवाल- बारिश के मौसम में पानी पीते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? जवाब- मानसून के दिनों में होने वाली बीमारियों की मुख्य वजह पानी ही है। पानी की वजह से संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में खुद को स्वस्थ रखने के लिए शुद्ध पानी पिएं। ध्यान रखें कि घर की पानी की टंकी में बारिश का पानी न जाए। बारिश का पानी टंकी के पानी को दूषित कर देता है, जिससे हेल्थ प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। इसके अलावा बारिश के दिनों में लंबे समय से रखे हुए, खुले बर्तन में रखे पानी को नहीं पीना चाहिए। इस मौसम में पानी को उबालकर पीना सबसे अच्छा विकल्प है। पानी को उबालने से बैक्टीरिया और जर्म्स खत्म हो जाते हैं, जिससे बीमारियों का रिस्क नहीं रहता है। सवाल- बरसात के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी के अलावा डाइट में क्या शामिल कर सकते हैं? जवाब- बरसात के मौसम में पानी के साथ-साथ कुछ ऐसे फूड आइटम्स भी हैं, जो हमारे शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करते हैं। इन्हें अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। नारियल पानी यह इलेक्ट्रोलाइट्स और विटामिन से भरपूर होता है। नारियल पानी शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट स्किन को भी हेल्दी रखते हैं। दही बारिश के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए दही एक अच्छा सोर्स है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को दुरूस्त रखते हैं। लौकी लौकी विटामिन सी, विटामिन बी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है, जो शरीर को डिटॉक्स करने में मददगार है। इसके अलावा लौकी में 96% पानी होता है, जिससे शरीर हाइड्रेटेड और पाचन तंत्र दुरूस्त रहता है।