नेपाल में लैंडस्लाइड से त्रिशुली नदी में गिरी 2 बसें:60 यात्री लापता, 2 ने कूद कर जान बचाई; काठमांडू-भरतपुर की फ्लाट्स रद्द

नेपाल में भारी बारिश के बीच शुक्रवार सुबह एक हाईवे पर लैंडस्लाइड के चलते 2 बसें नदी में गिर गई। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, दोनों बसों में बस चालकों सहित कुल 63 लोग सवार थे। हादसे के बाद करीब 60 लोग लापता हैं। नेपाली मीडिया हाउस काठमांडू पोस्ट के मुताबिक एक बस के ड्राइवर की मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि 2 लोगों ने बस से कूद कर जान बचाई। हादसा सुबह करीब 3 बजकर 30 मिनट पर हुआ। लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। नेपाल PM ने हादसे पर दुख जताया
चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव ने फोन पर न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि लैंडस्लाइड के चलते नदी में गिरने वाली एक बस काठमांडू जा रही थी इसमें 24 लोग सवार थे जबकि दूसरी बस में 41 लोग सफर कर रहे थे। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘नारायणगढ़-मुग्लिन रोड स्टेशन पर लैंडस्लाइड से बस बह जाने से लगभग पांच दर्जन यात्रियों के लापता होने की रिपोर्ट से मुझे काफी दुख हुआ है। मैं सरकार की सभी एजेंसियों को यात्रियों की खोज करने और उन्हें सही सलामत बचाने का निर्देश देता हूं।’ हादसे की तस्वीरें… मौसम के चलते 7 दिन में 60 लोगों की मौत
नेपाल में बारिश और खराब मौसम के चलते काठमांडू से भरतपुर जाने वाली सभी फ्लाइट्स को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है। वहीं, पिछले 7 दिनों में 62 लोगों की मौत हुई है। जबकि 90 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें 34 लोग लैंडस्लाइड में मारे गए जबकि 28 लोग बाढ़ के पानी में बहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक नेपाल में भारी बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।121 घर सैलाब में बह गए और 82 बुरी तरह से ध्वस्त हो गए।