पूजा खेडकर की ऑडी जब्त:ट्रेनी IAS अफसर लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमती थीं; मां को नोटिस, लाइसेंसी पिस्टल से किसानों को धमकाया था

महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने रविवार (14 जुलाई) को ट्रेनी IAS अफसर पूजा खेडकर की ऑडी कार जब्त कर ली है। पूजा पुणे में असिस्टेंट कलेक्टर के तौर पर पोस्टिंग के दौरान लग्जरी कार पर अवैध तरीके से लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमने के बाद विवादों में आई थीं। उनके दबंग रवैये और मनमानी की भी काफी चर्चा है। ऑडी कार एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुणे RTO ने गुरुवार (11 जुलाई) को MH-12/AR-7000 नंबर वाली इस ऑडी के मालिक, इंजीनियरिंग कंपनी को नोटिस जारी किया था। नोटिस में कंपनी को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए गाड़ी पेश करने के लिए कहा गया था। पुणे पुलिस ने बताया कि खेडकर परिवार के ड्राइवर ने पुणे के चतुरश्रंगी पुलिस स्टेशन के ट्रैफिक डिवीजन में कार जमा करवाई है। कार पर लगी लाल-नीली बत्ती और महाराष्ट्र प्रशासन का स्टिकर हटा दिया गया है। पुलिस कार के डॉक्यूमेंट्स की जांच कर रही है। फिलहाल, कार पर जैमर और उसके चारों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। पिस्टल लहराते वीडियो को लेकर पूजा की मां को नोटिस दूसरी तरफ, पुलिस ने पूजा की मां मनोरमा खेडकर को लाइसेंसी पिस्टल के गलत इस्तेमाल को लेकर 13 जून को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में मनोरमा से पूछा है कि उनका पिस्टल लाइसेंस रद्द क्यों नहीं किया जाना चाहिए? उनसे 10 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। दरअसल, मनोरमा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो किसानों को पिस्टल से धमकाती हुई नजर आ रही हैं। मामले को लेकर शनिवार (13 जुलाई) की सुबह पूजा की मां मनोरमा, पिता दिलीप समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दिलीप महाराष्ट्र सरकार के रिटायर्ड अधिकारी हैं। पुलिस ने बताया FIR IPC की धारा 323, 504, 506 के तहत दर्ज की गई है। साथ ही आर्म्स एक्ट के चार्ज भी शामिल किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, वीडियो पिछले साल 5 जून, पुणे के मुलशी तालुका के धडावली गांव है, जहां पूजा के पिता दिलीप खेडकर ने जमीन खरीदी है। तब किसानों की तरफ से उन्हें धमकाने की शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन उसमें पिस्टल का जिक्र नहीं था। स्थानीय लोगों का दावा था कि खेडकर परिवार ने बाउंसर की मदद से पड़ोसी किसानों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और उन्हें धमकाया। जिस ऑडी में पूजा घूमती थीं, उस पर 26 हजार का चालान बकाया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूजा खेडकर पुणे अपनी पोस्टिंग के दौरान जिस ऑडी कार पर लाल-नीली बत्ती और महाराष्ट्र सरकार का स्टिकर लगाकर घूमती थीं, उस पर 26 हजार रुपए का जुर्माना बकाया है। 2022 से अब तक तेज गति से गाड़ी चलाने, सिग्नल तोड़ने और पुलिस के पूछने पर रुकने से इनकार करने जैसे ट्रैफिक रूल्स तोड़ने को लेकर ऑडी के 21 चालान पेंडिंग हैं। पूजा खेडकर की मेडिकल फाइल अस्पताल से गायब
पूजा के खिलाफ चल रही जांच के बीच अब अहमदनगर जिला अस्पताल से उनकी मेडिकल फाइल गायब होने की खबर है। दरअसल, UPSC में उनका सिलेक्शन दृष्टिबाधित और मानसिक रूप से बीमार की श्रेणी में हुआ था। इसके लिए UPSC ने उन्हें छह बार मेडिकल चेकअप के लिए बुलाया, लेकिन वो हर बार कोई न कोई बहाना देकर चेकअप टालटी गईं। फिर उन्होंने पुणे के पास अहमदनगर के जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया और सर्टिफिकेट जमा कर दी। अब वह फाइल गायब हो गई है।