न्यूज इन ब्रीफ@11 AM:UP में गंगा खतरे के निशान के करीब; मुस्लिम बोर्ड बोला- गुजारे भत्ते पर SC का फैसला गलत; CUET-UG 19 जुलाई को

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. ट्रम्प पर गोली चलने के बाद बाइडेन का दूसरा संबोधन, बोले- हमें शांति की जरूरत
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर हुए जानलेवा हमले के बाद मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आज सुबह जनता को संबोधित किया। उन्होंने हिंसा पर कहा, ‘हम इस रास्ते पर नहीं जा सकते हैं। हम अपने इतिहास में बहुत हिंसा झेल चुके हैं।’ बाइडेन का हमले पर यह दूसरा संबोधन था। ट्रम्प पर रविवार सुबह जानलेवा हमला हुआ। गोली उनके कान को छूते हुए निकली थी।
पढ़ें पूरी खबर… 2. UP-बिहार में गंगा खतरे के निशान के करीब; महाराष्ट्र में ट्रैक पर मलबे के कारण ट्रेनें लेट
नेपाल से सटे इलाकों में तेज बारिश के कारण गंगा यूपी और बिहार के कुछ जिलों में खतरे के निशान के करीब बह रही है। UP के 17 जिलों में 97 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर में बाढ़ से 50 हजार की आबादी पानी में घिरी है। महाराष्ट्र में रत्नागिरी समेत कई जिलों में बारिश हुई। चिपलूण, खेड में रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने से रेल सेवा बाधित हुई है। कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर चार से पांच घंटे लेट हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 3. मुस्लिम लॉ बोर्ड बोला- SC का फैसला गलत, तलाकशुदा महिलाओं को गुजाराभत्ता देने का मामला
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने तलाकशुदा मुस्लिम महिलाओं को गुजाराभत्ता देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को गलत ठहराया है। बोर्ड ने कहा, यह फैसला ‘शरिया’ (इस्लामी कानून) के खिलाफ है। लिहाजा AIMPLB सभी संभावित उपायों का पता लगाएगा, जिससे सुप्रीम कोर्ट से इस फैसले को पलटने को कह सके। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने 10 जुलाई को कहा कि तलाकशुदा मुस्लिम महिला अपराध प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 125 (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 144) के तहत अपने पति से भरण-पोषण की हकदार है।
पढ़ें पूरी खबर… 4. CUET UG एग्जाम 19 जुलाई को फिर से होगा, NTA ने नोटिफिकेशन जारी किया
CUET UG एग्जाम्स को लेकर शिकायतें दर्ज कराने वाले छात्रों का रीएग्जाम 19 जुलाई को होगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह एग्जाम कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगा। एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे। NTA ने 7 जुलाई को CUET UG 2024 की प्रोविजनल आंसर की जारी की थी। साथ ही कहा था, अगर परीक्षा के आयोजन के बारे में किसी भी कैंडिडेट की ओर से उठाई गई कोई शिकायत सही पाई जाती है तो फिर से एग्जाम होगा।
पढ़ें पूरी खबर… 5. केजरीवाल की जमानत के खिलाफ दिल्ली HC में सुनवाई, ट्रायल कोर्ट के आदेश पर लगी है रोक
दिल्ली हाईकोर्ट अरविंद केजरीवाल को दी गई जमानत को चुनौती देने वाली ED की याचिका पर आज सुनवाई करेगा। केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। 20 जून को ट्रायल कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके खिलाफ ED ने हाईकोर्ट में अपील की थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने 25 जून को ट्रायल कोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी थी। केजरीवाल पर ED के अलावा CBI का केस भी चल रहा है। शराब नीति में भ्रष्टाचार को लेकर CBI ने उन्हें 26 जून को गिरफ्तार किया था।
पढ़ें पूरी खबर… 6. सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, शराब नीति से जुड़ा मामला
सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई होगी। सिसोदिया ने शराब नीति घोटाले से जुड़े ED और CBI केस में जमानत पर पुनर्विचार को लेकर दो अलग-अलग याचिकाएं लगाई हैं। सिसोदिया को पिछले साल 26 फरवरी को CBI ने और फिर 9 मार्च को ED ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने 28 फरवरी 2023 को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। वे फिलहाल तिहाड़ जेल में हैं। ED केस में 3 जुलाई को दिल्ली की एक अदालत ने सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 25 जुलाई तक बढ़ा दी थी। CBI केस में सिसोदिया 15 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 7. MP में शादी के दिन पुलिस कस्टडी में दूल्हे की मौत, दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डाला
मध्य प्रदेश में गुना पुलिस की कस्टडी में एक पारदी युवक की मौत हो गई। युवक की रविवार को शादी होनी थी। दूल्हा शेरवानी पहनकर तैयार हुआ था। तभी पुलिस उसे पकड़कर ले गई। कुछ घंटों बाद युवक की मौत की खबर आई। परिवार के लोग जिला अस्पताल में जमा हो गए। अस्पताल में दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। चाची ने पेट्रोल डालकर आग लगा ली। बचाने में SDOP झुलस गए।
पढ़ें पूरी खबर… 8. बिहार में 2 बच्चों की हत्या, आंखें फोड़ीं: जीभ-सीने में चाकू मारा, बंधे थे हाथ-पैर
पटना के गर्दनीबाग इलाके में 11 और 12 साल के 2 बच्चों की हत्या हुई है। सोमवार सुबह दोनों के शव मिले हैं। दोनों पड़ोसी थे। बच्चों के हाथ-पैर बंधे थे, शरीर पर चोट के निशान थे। 12 साल के विवेक के पिता विनोद कुमार का आरोप है कि बच्चों की आंखें फोड़ी गई हैं। जीभ और सीने में चाकू मारा गया है। रस्सी से दोनों के हाथ बंधे थे। पिता का आरोप है कि कई दिनों से ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट का काम रुका हुआ था। उसे शुरू करने के लिए बच्चों की बलि दी गई है।
पढ़ें पूरी खबर… 9. अनंत-राधिका के रिसेप्शन में पहुंचे रीजनल एक्टर्स, मीडिया से बोलीं नीता – गलती हुई हो तो माफ करना
14 जुलाई की रात अनंत और राधिका की वेडिंग रिसेप्शन पार्टी हुई। इस रिसेप्शन को मंगल उत्सव का नाम दिया गया। यह फंक्शन मुंबई के BKC स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में हुआ। भोजपुरी इंडस्ट्री से रवि किशन, खेसारी लाल यादव, मराठी से अमृता खानवलकर और बंगाली इंडस्ट्री से नुसरत जहां और यशदास गुप्ता भी इस फंक्शन का हिस्सा बने। नीता अंबानी इस दौरान मीडिया वालों से मिलीं और उन्हें आज (15 जुलाई) के रिसेप्शन में शामिल होने का इनविटेशन दिया। उन्होंने कहा- अगर कुछ गलती हुई हो तो माफ कर देना।
पढ़ें पूरी खबर… 10. स्पेन ने चौथी बार यूरो कप जीता, इंग्लैंड को 2-1 से हराया; इंग्लिश टीम लगातार दूसरा फाइनल हारी
स्पेन ने रिकॉर्ड चौथी बार यूरो कप फुटबॉल का खिताब जीत लिया है। बर्लिन के ओलंपिया स्टेडियम में रविवार देर रात खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया। 90 मिनट के मुकाबले में स्पेन के लिए निको विलियम्स (47वें मिनट) और सब्सिट्यूट प्लेयर मिकेल ओयारजाबल ने (86वें मिनट) गोल किए। वहीं, इंग्लैंड के लिए इकलौता गोल कोल पामर (73वें मिनट) ने किया। यूरो कप फाइनल में इंग्लैंड की यह लगातार दूसरी हार है। 2020 में उसे इटली से हार का सामना करना पड़ा था।
पढ़ें पूरी खबर…