ओमान के तट पर तेल टैंकर पलटा:13 भारतीयों सहित 16 क्रू मेंबर्स लापता; यमन के अदन पोर्ट की ओर जाते समय हादसा

ओमान के पास एक तेल टैंकर समुद्र में पलट गया है। इस पर 13 भारतीय और 3 श्रीलंकाई सहित कुल 16 क्रू मेंबर्स सवार थे। ये सभी लापता हैं। घटना सोमवार (15 जुलाई) की है। इस पर 13 भारतीयों के सवार होने की बात अब सामने आई है। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र (Maritime Security Centre) ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी । समुद्री सुरक्षा केंद्र के मुताबिक, प्रेस्टीज फाल्कन नाम का तेल टैंकर दुबई के हमरिया पोर्ट से रवाना हुआ था। यह यमन के अदन पोर्ट की ओर जा रहा था। डुक्म के पोर्ट टाउन के पास रास मद्रकाह से 25 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में तेल टैंकर पलट गया। क्रू मेंबर्स की तलाश में दो दिनों से सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी है। डुक्म पोर्ट ओमान के दक्षिण-पश्चिमी तट पर स्थित है, जो देश के तेल और गैस माइनिंग प्रोजेक्ट्स का एक प्रमुख केंद्र है। यहां पर स्थित तेल रिफाइनरी डुक्म के बड़े इंडस्ट्रियल एरिया का एक हिस्सा है, जो ओमान का सबसे बड़ा और इकलौता इकोनॉमिक प्रोजेक्ट है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जो टैंकर डूबा है, उसकी लोकेशन चार दिन पहले अपडेट की गई थी। यह लगभग 117 मीटर लंबा तेल उत्पाद टैंकर है, जिसे 2017 में बनाया गया है। आमतौर पर ऐसे छोटे टैंकरों का इस्तेमाल छोटी तटीय यात्राओं के लिए किया जाता है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, टैंकर समुद्र में उल्टा डूबा हुआ है। ओमान के रक्षा मंत्रालय की ओर से संचालित समुद्री सुरक्षा केंद्र ने तेल टैंकर से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, जैसे टैंकर स्थिर है या नहीं, या तेल समुद्र में लीक हो रहा है या नहीं। ये खबर भी पढ़ें… अमेरिका में जहाज के टकराने से ब्रिज ढहा: कार्गो शिप पर मौजूद सभी 22 लोग भारतीय, कोई घायल नहीं; बाल्टीमोर से कोलंबो जा रहा था अमेरिका के मैरीलैंड में एक कार्गो जहाज के टकराने से ‘फ्रांसिस स्कॉट की’ ब्रिज ढह गया। पुल से टकराने के बाद जहाज में आग लग गई। सिंगापुर के झंडे वाला यह जहाज श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रहा था। शिप मैनेजमेंट कंपनी सिनर्जी मरीन ग्रुप ने बताया कि 2 पायलट समेत सभी 22 क्रू मेंबर्स भारतीय थे। इसे रवाना हुए कुछ ही समय हुआ था। पूरी खबर पढ़ें…