बांग्लादेशी PM हसीना का नौकर ₹284 करोड़ का मालिक:हेलिकॉप्टर से आता-जाता; हसीना के घर मेहमानों को पिलाता था पानी, भ्रष्टाचार की जांच शुरू

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के नौकर के पास 284 करोड़ की संपत्ति है। उसके पास एक प्राइवेट हेलिकॉप्टर है और कहीं आने-जाने के लिए वह इसी का इस्तेमाल करता है। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, इस नौकर का नाम जहांगीर आलम था। वह PM हसीना के घर पर मेहमानों को पानी देने का काम करता था। जहांगीर ने हसीना के ऑफिस और घर में काम करने का जिक्र करते हुए कई लोगों से रिश्वत ली थी। वह लोगों से उनका काम करवाने का झांसा देकर पैसे वसूलता था। मामले सामने आने के बाद PM हसीना ने तुंरत कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, जहांगीर पहले ही अमेरिका भाग चुका है। दरअसल, बांग्लादेश में पूर्व आर्मी चीफ, पुलिस अधिकारी, टैक्स अधिकारी और कई सरकारी कर्मचारियों के भ्रष्टाचार से जुड़े मामले सामने आए हैं। इसी लिस्ट में प्रधानमंत्री के नौकर का भी नाम है। ‘आम बांग्लादेशी का इतना कमाने में लगेंगे 13 हजार साल’
PM हसीना ने कहा, “मेरे घर पर काम करने वाला एक व्यक्ति आज करोड़ों की संपत्ति का मालिक है। उसने इतने पैसे कहां से कमा लिए? एक आम बांग्लादेशी को इतनी संपत्ति इकट्ठा करने में 13 हजार साल लग सकते हैं। सरकार इन मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।” दरअसल वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, 17 करोड़ की आबादी वाले बांग्लादेश में प्रति व्यक्ति आय 2.11 लाख रुपए है। वहीं शेख हसीना के नौकर के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की बात सामने आने के बाद से विपक्ष ने सरकार को घेर रही है। बांग्लादेशी नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रवक्ता वहीदुज्जमान ने कहा कि जब हसीना के नौकर के पास इतना पास है तो उसके मालिक के पास कितना होगा, इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। इसके बाद भी नौकर को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। उसे सिर्फ नौकरी से निकाला गया। भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हसीना के करीबी
जनवरी में चौथी बार सत्ता में लौटी PM हसीना के सरकार बनाने के बाद से भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आ चुके हैं। बांग्लादेश की एंटी-करप्शन कमिशन ने हाल ही देश के पूर्व नेशनल पुलिस चीफ बेनजीर अहमद के खिलाफ जांच शुरू की है। एक समय हसीना के करीबी रहे बेनजीर पर आरोप है कि उसके बाद करोड़ों की संपत्ति है, जिसे उसने भ्रष्टाचार के जरिए जमा किया है। अमेरिका ने 2021 में अहमद पर कई पाबंदियां भी लगाई थीं। अहमद पर सैकड़ों लोगों के अचानक गायब होने या उनकी हत्या के मामलों में शामिल होने का आरोप था। वहीं बांग्लादेश के लोकल अखबारों ने देश के पूर्व आर्मी चीफ अजीज अहमद पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट्स सामने आने के बाद एंटी-करप्शन कमिशन ने अजीज की कई संपत्ति को जब्त कर लिया था। इसके अलावा उनके बैंक अकाउंट भी फ्रीज कर दिए गए थे। यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश में नौकरी में आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन: पुलिस ने स्टूडेंट्स पर गोलियां चलाई, आंसू गैस के गोले दागे; 400 से ज्यादा घायल​​​​​​ बांग्लादेश में सरकारी नौकरी में आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर देशभर में हिंसा फैल गई है। इसमें 400 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बांग्लादेश के न्यूज आउटलेट ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक देशभर की यूनिवर्सिटीज में स्टूडेंट्स पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठियां बरसाईं, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें…