राजा भैया की पत्नी के खिलाफ लखनऊ में FIR:भानवी सिंह ने 2 दिन पहले कहा था- जल्द मैदान में उतरूंगी

प्रतापगढ़ के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के खिलाफ लखनऊ में केस दर्ज हुआ है। केस ‘द प्रॉपर्टीज’ कंपनी के पूर्व निदेशक आशुतोष सिंह की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने दर्ज किया है। आशुतोष सिंह का आरोप है- भानवी सिंह ने षड्यंत्र करके और दबाव बनाकर कंपनी के निदेशक पद से उन्हें हटाया है। कंपनी जब बनी, तब से वे शेयर होल्डर हैं। उनके फर्जी साइन कर फ्रॉड करके कंपनी से हटाया गया। उन्होंने कानपुर के रजिस्ट्रार ऑफिस में भी शिकायत की है। हजरतगंज पुलिस ने भानवी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश, डराने-धमकाने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। भानवी सिंह ने 2 दिन पहले राजनीति में उतरने के दिए थे संकेत
18 जुलाई को भानवी सिंह ने राजनीति में उतरने के संकेत दिए थे। भानवी सिंह ने X पर लिखा- ‘कभी-कभी सोचती हूं, जब रियासत, राजघरानों से संबंधित महिलाओं को अपने सम्मान, गरिमा की रक्षा के लिए इतना संघर्ष करना पड़ता है। सरकार से याचना करनी पड़ती है और एक IO (इन्वेस्टिगेशन अफसर) किसी की शह पर धमकी भरी भाषा में बात कर सकता है, तो आम महिलाओं के साथ क्या होता होगा? अपनी व्यक्तिगत लड़ाई मैं जरूर लड़ूंगी, लेकिन महिला हितों के लिए बड़ी लड़ाई का भी संकल्प लेकर जल्द मैदान में उतरूंगी। उचित समय का इंतजार कीजिए।’ भानवी सिंह के इस पोस्ट के कई मायने निकाले गए। माना जा रहा है कि भानवी राजनीति में भी उतर सकती हैं। राजा भैया से अलग रह रहीं भानवी
भदरी और बेंती रियासत से संबंध रखने वाली भानवी सिंह अपने पति राजा भैया से अलग रह रही हैं। उनके और राजा भैया के बीच तलाक का विवाद है, जो अदालत में है। भानवी सिंह ने राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। 2022 में दिल्ली की कोर्ट में दायर की थी तलाक की अर्जी
नवंबर 2022 में भानवी सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। कहा था कि उन्होंने घर छोड़ दिया है। भानवी सिंह ने कोर्ट में राजा भैया पर मारपीट और अवैध संबंध का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सितंबर 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर दिया है। 1995 में हुई थी शादी
राजा भैया की भानवी सिंह के साथ शादी साल 1995 में हुई थी। शादी के समय राजा भैया करीब 25 साल के थे। अब दोनों की चार संतानें हैं। कुछ सालों से दोनों के रिश्तों में दरार आना शुरू हो गई थी। इस बीच भानवी सिंह राजा भैया से अलग होकर अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी थीं। यह भी पढ़ें सवाल- क्या भाजपा से ठाकुर नाराज हैं:राजा भैया बोले- इससे इनकार नहीं किया जा सकता; अखिलेश से तल्खियां दूर हुईं भाजपा से ठाकुरों की नाराजगी के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को मिलने का बुलावा भेजा। 15 दिन पहले बेंगलुरु में दोनों की मुलाकात हुई। माना गया कि बिना शर्त भाजपा को समर्थन देते आ रहे राजा भैया इस बार भी पक्ष में खड़े होंगे, लेकिन उन्होंने सबको चौंका दिया। समर्थकों से कहा- सपा का चुनाव मजबूत करना है। पढ़ें पूरी खबर