CJI बोले-NEET पेपर लीक के ठोस सबूत बिना रीएग्जाम नहीं:याचिकाकर्ता के वकील बीच में बोले तो CJI ने फटकारा, वकील कोर्ट से चले गए

NEET केस में CJI की बेंच के सामने मंगलवार को पांचवीं सुनवाई हो रही है। CJI ने कहा- हम पेपर लीक के ठोस सबूत के बिना रीएग्जाम का फैसला नहीं दे सकते हैं। हो सकता है कि CBI जांच के बाद पूरी तस्वीर ही बदल जाए, लेकिन आज हम किसी हालत में यह नहीं कह सकते कि पेपर लीक पटना और हजारीबाग तक सीमित नहीं है। इससे पहले CJI ने कहा- NTA की आंसर-की सही है। एक्सपर्ट टीम से हमने जांच कराई थी। उन्होंने बताया कि ऑप्शन 4 सही है, 2 गलत है। क्योंकि रेडियो एक्टिव एटम स्टेबल नहीं होते है। बहस के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकील मैथ्यूज नेदुम्पारा अपनी बात बोलने उठे तो CJI ने उन्हें एडवोकेट नरेंद्र हुड्डा के बाद बोलने को कहा- इस पर मैथ्यूज गैलरी में आ गए तो CJI नाराज हो गए। CJI ने कहा- आप इस तरह उठकर गैलरी में नहीं जा सकते। कोई सिक्योरिटी को बुलाओ। इस पर एडवोकेट मैथ्यूज कोर्ट रूम छोड़कर चले गए। याचिककर्ताओं की ओर से वकील- नरेंद्र हुड्डा, संजय हेगड़े, मैथ्यूज नेदुम्पारा बहस कर रहे हैं, जबकि NTA की ओर से सोलिस्टर जनरल तुषार मेहता हैं।