जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के कोवुत में बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में सेना ने एक आतंकी को मार गिराया है। मुठभेड़ में सेना का एक नॉन कमीशन ऑफिसर भी घायल हो गया है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। मुठभेड़ अभी भी जारी है। इंडियन आर्मी की चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन की जानकारी शेयर की। मंगलवार को पुंछ में LOC के पास बट्टाल सेक्टर में भी गोलीबारी हुई थी। इसमें घायल लांस नायक सुभाष कुमार की इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे पहले 22 जुलाई को सुबह करीब 3 बजे राजौरी के घोंधा में आतंकियों ने शौर्य चक्र विजेता परशोत्तम कुमार के घर पर हमला किया था। इस हमले में एक जवान और परशोत्तम के चाचा घायल हुए थे। जवाबी कार्रवाई में आर्मी ने एक आतंकी को मार गिराया था। पिछले तीन महीने में जम्मू-कश्मीर में 12 से ज्यादा आतंकी हमले हो चुके हैं।