SBI लाइफ को पहली तिमाही में ₹520 करोड़ का मुनाफा:सालाना आधार पर 36% बढ़ा, निवेश से आय ₹19,283; एक साल में 23.95% चढ़ा शेयर

इंश्योरेंस कंपनी SBI लाइफ ने वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 519.52 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। सालाना आधार पर इसमें 36.34% की बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले की समान तिमाही यानी Q1FY24 में कंपनी ने 381.04 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था। इस दौरान कंपनी का नेट प्रीमियम इनकम अप्रैल-जून 2023 के मुकाबले 15% बढ़कर 15,105 करोड़ रुपए रहा है। एक साल पहले कंपनी का प्रीमियम से कमाई 13,104 करोड़ रुपए था। वहीं, इन्वेस्टमेंट यानी निवेश से कमाई 32.27% बढ़कर 19,283.50 करोड़ रुपए रहा। तिमाही आधार पर 35.92% कम हुआ मुनाफा
वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही यानी जनवरी-मार्च 2024 के मुकाबले SBI लाइफ का शुद्ध मुनाफा 35.92% कम हुआ है। पिछली तिमाही में कंपनी ने 810.80 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। इसी तरह, प्रीमियम से होने वाली कमाई भी करीब 40% कम हुई है। Q4FY24 में यह 25,116.47 करोड़ रुपए था। इस साल 14% चढ़ा SBI लाइफ का शेयर
SBI लाइफ का शेयर आज (24 जुलाई) 2.37% चढ़कर 1,632 रुपए के स्तर पर बंद हुआ। कंपनी के शेयर ने पिछले 5 दिन में 0.65%, एक महीने में 12.38%, 6 महीने में 15.75% और एक साल में 23.95% का रिटर्न दिया है। केवल इस साल की बात करें (1 जनवरी से अब तक) तो SBI लाइफ का शेयर 14.00% चढ़ा है। अक्टूबर 2000 में हुई थी SBI लाइफ की शुरुआत
SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और फ्रांस की फाइनेंशियल इंस्टिट्यूशन BNP पारिबा कार्डिफ के बीच एक जॉइंट वेंचर रूप में शुरू किया गया था। इसकी शुरुआत अक्टूबर 2000 में हुई थी। फिलहाल कंपनी में SBI की 55.50% और BNP की 0.22% हिस्सेदारी है। SBI लाइफ के देशभर में 1,040 ऑफिस, 23,893 कर्मचारी, 246,078 एजेंट्स के अलावा 77 कॉर्पोरेट पार्टनर्स हैं। कंपनी के 14 बैंकाश्योरेंस पार्टनर्स और 40,000 से ज्यादा पार्टनर और 143 ब्रोकर्स का नेटवर्क है।