‘खतरों के खिलाड़ी’ पर रोहित शेट्‌टी के 10 साल पूरे:बोले- ‘डर था कि अक्षय-प्रियंका के बाद, ऑडियंस मुझे बतौर होस्ट एक्सेप्ट करेगी या नहीं’

रोहित शेट्टी ने साल 2004 से बतौर होस्ट ‘खतरों के खिलाड़ी’ का सफर शुरू किया था। इस रियलिटी शो से जुड़े उन्हें 10 साल हो गए हैं। फिल्ममेकर की मानें तो शुरुआत में उन्हें इस बात का डर था कि ऑडियंस उन्हें बतौर होस्ट एक्सेप्ट करेगी या नहीं। दरअसल, रोहित से पहले बॉलीवुड एक्टर्स अक्षय कुमार (सीजन 1, 2 और 4) और प्रियंका चोपड़ा (सीजन 3) शो की मेजबानी कर चुके थे। शो के अलावा, इन दिनों रोहित शेट्टी अपनी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ को लेकर भी चर्चा में हैं। फिल्म में अजय देवगन के अलावा करीना कपूर, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, जैकी श्रॉफ और अर्जुन कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे। दैनिक भास्कर से खास बातचीत के दौरान, रोहित शेट्टी ने अपनी फिल्म और रियलिटी शो से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें शेयर कीं। पढ़िए बातचीत के कुछ प्रमुख अंश: डर था कि क्या अक्षय-प्रियंका के बाद ऑडियंस मुझे शो का होस्ट एक्सेप्ट करेंगी? ‘खतरों के खिलाड़ी’ को होस्ट करते हुए मुझे 10 साल हो गए हैं। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया है। मुझसे पहले अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा जैसे एक्टर्स ने यह शो किया था। मैं एक डायरेक्टर हूं और वो स्टार्स हैं। इसलिए खुद पर ही सवाल उठाता था कि क्या ऑडियंस मुझे इतने बड़े शो का होस्ट एक्सेप्ट करेगी? लेकिन वक्त के साथ-साथ यह डर निकल गया। यह आसान नहीं था। मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं हमेशा ऑडियंस का आभारी रहूंगा। एक सीजन में 70 से 80 स्टंट्स किए जाते हैं हर बार शो में कुछ अलग करने का प्रेशर मुझसे ज्यादा टीम पर होता है। शो की टीम के लिए यह बहुत चैलेंजिंग टास्क होता है। शूटिंग शुरू होने के 8 महीने पहले ही इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। ऑडियंस को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं होगा कि हम एक सीजन में कम से कम 70 से 80 स्टंट्स करते हैं। हर स्टंट के लिए अलग-अलग लोकेशन की जरुरत होती है। यानी कुल मिलाकर हम 70 से 80 लोकेशन पर शूट करते हैं। हर दिन हम ट्रेवल करते हैं। टेक्निकल टीम के लिए बहुत चैलेंजिंग होता है। मुझे उम्मीद है कि हमारी कड़ी मेहनत रंग लाएगी। ऑडियंस की उम्मीदों को ध्यान में रखकर ‘सिंघम अगेन’ की शूटिंग की है ‘सिंघम अगेन’ एक बहुत बड़ी फ्रेंचाइजी है। जाहिर है लोगों को इस फिल्म से बहुत उम्मीदें होंगी। हमने इस बात को बिल्कुल नजर अंदाज नहीं किया है। यहां तक कि हर दिन हम ऑडियंस की उम्मीद को ध्यान में रखकर शूटिंग करते थे। यकीन मानिए, पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है। जब फिल्म रिलीज होगी तो वह ऑडियंस को जरूर पसंद आएगी। बड़े स्टार्स के साथ काम करना चैलेंज नहीं था किसी और फिल्ममेकर के लिए बड़े स्टार्स के साथ काम करना चैलेंज हो सकता है। लेकिन, मेरे साथ थोड़ा आसान था। दरअसल, यह एक कॉप यूनिवर्स फिल्म है जिसमें 3-4 एक्टर्स ने पहले भी काम किया हुआ है। फिल्म की पुरानी कहानी को ही हम आगे लेकर चल रहे हैं। हां, जो नए एक्टर्स फिल्म में शामिल हुए उनके लिए मैं बहुत थैंकफुल हूं। जब मैंने उन्हें उनके करैक्टर सुनाए, तो सभी ने तुरंत हामी भर दी थी। एक फैमिली की तरह काम हुआ है। बहुत अच्छा काम हुआ है। नए कॉन्सेप्ट पर काम करने का अभी कोई इरादा नहीं अपनी फ्रेंचाइजी फिल्मों के अलावा किसी नए कॉन्सेप्ट पर काम करने का अभी कोई इरादा नहीं है। जिस स्पेस में मैं अभी काम कर रहा हूं, उसमें काफी संतुष्ट हूं। ‘सिंघम’ हो या ‘गोलमाल’, मैं इन फिल्मों पर आगे भी काम करता रहूंगा। तबियत खराब होने के बावजूद, KKK-14 के प्रमोशनल कैंपेन में हुए शामिल तबियत खराब होने के बावजूद, KKK-14 के प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा हूं। मैंने चैनल को कमिटमेंट दी थी। वैसे, अगर मैंने किसी चीज के लिए कमिटमेंट दी है, तो उसे मैं कैसे भी करके पूरा करता हूं। यह मेरा काम है।