लॉरेंस गैंग का इरादा मुझे-मेरे परिवार को ‎मारने का था:सलमान खान का पुलिस चार्जशीट में बयान; कोर्ट ने कहा- आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत

एक्टर सलमान खान के सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुए फायरिंग केस में 22 जुलाई को सुनवाई हुई। स्पेशल कोर्ट महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के जज बी.बी.शेल्के ने इस मामले में सुनवाई की। पुलिस की चार्जशीट में सलमान का भी बयान है। इसमें उन्होंने कहा कि लॉरेंस गिरोह ने उन्हें और उनके परिवार के लोगों को जान से मारने के इरादे से ‎‎गोलीबारी की‎‎ थी। जज ने केस चार्जशीट देखकर कहा है कि मामले में गिरफ्तार हुए सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर उनके खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है। पुलिस को दिए बयान में सलमान ने कहा है, ”14 अप्रैल की सुबह‎ गैलेक्सी अपार्टमेंट में अपने घर‎ पर सोते समय उन्होंने पटाखे जैसी ‎आवाज सुनी। उनकी पुलिस सिक्योरिटी ने सुबह करीब 4.55 बजे बताया था कि बाइक सवार दो लोगों ने ‎पहली मंजिल की बालकनी पर ‎गोलीबारी की है।” सलमान ने आगे कहा है कि पहले भी उन्हें और उनके परिवार को‎ चोट पहुंचाने की कोशिश की गई थी।‎ सलमान‎ काे बाद में पता चला था कि ‎गैंगस्टर लॉरेंस और उसके ‎भाई अनमोल ने फेसबुक ‎पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। ‎लॉरेंस और उसके गैंग ने पहले भी‎ सलमान और उनके परिवार को‎ धमकी दी थी।‎ पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत में कहा गया है कि पांचों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 307 (हत्या की कोशिश), 34 (सामान्य इरादा), 120 (B) के तहत कार्यवाही जारी रहेगी। इसके अलावा आरोपियों पर मकोका और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी लगेंगी। मकोका कोर्ट में लगाई थी 1736 पन्नों की चार्जशीट
सलमान खान के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग मामले में नवी मुंबई पुलिस ने मकोका कोर्ट में 1736 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें लॉरेंस समेत 9 आरोपियों के नाम हैं। इनमें से 5 की गिरफ्तारी हो चुकी है। लॉरेंस पहले से ही अन्य मामलों में जेल में बंद है, जबकि अन्य आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। चार्जशीट में सलमान खान का भी बयान दर्ज है। उन्होंने कहा था, ‘मुझे और मेरे परिवार को झूठ में निशाना बनाया जा रहा है। मैंने कुछ गलत भी नहीं किया है। ये सारी चीजें मुझसे पैसे ऐंठने के लिए की जा रही है।’ उन्होंने पहले मिली धमकियों का भी जिक्र किया। वहीं जांच में पाया गया कि सलमान खान के घर हुई फायरिंग हत्या के इरादे से नहीं की गई थी। आरोपी उन्हें धमकाना चाहते थे। हालांकि जांच में ये भी सामने आया कि लॉरेंस गैंग के कुछ मेंबर्स सलमान खान की हत्या करने के लिए उन पर नजर रखे हुए थे। उन लोगों ने हत्या के लिए पाकिस्तान से हथियार मंगवाने की कोशिश की थी। बताते चलें कि 14 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में 2 बाइकसवारों ने 4 राउंड फायरिंग की थी। जिस वक्त फायरिंग हुई, उस समय सलमान घर में ही मौजूद थे। मामले में पहली गिरफ्तारी 15 अप्रैल को हुई। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 24 अप्रैल को हथियार मुहैया करवाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। 27 अप्रैल तक मामले में 6 गिरफ्तारियां हुईं, जिन पर मकोका की धाराएं लगाई गई थीं। मकोका की धारा लगने के बाद 1 मई को 6 आरोपियों में से एक अनुज थापन ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या कर ली थी। क्या है मकोका? महाराष्ट्र सरकार ने 1999 में मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट) बनाया था। इसका मकसद संगठित और अंडरवर्ल्ड अपराध को खत्म करना था। महाराष्ट्र और दिल्ली में यह कानून लागू है। मकोका लगने के बाद आरोपियों को आसानी से जमानत नहीं मिलती है। मकोका के तहत पुलिस को चार्जशीट दाखिल करने के लिए 180 दिन का वक्त मिल जाता है, जबकि आईपीसी के प्रावधानों के तहत यह समय सीमा सिर्फ 60 से 90 दिन की है। मकोका के तहत आरोपी की पुलिस रिमांड 30 दिन तक हो सकती है, जबकि आईपीसी के तहत यह अधिकतम 15 दिन की होती है। फिल्म सिकंदर की शूटिंग में व्यस्त हैं सलमान सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म सिकंदर की शूटिंग में व्यस्त चल रहे हैं। उनकी फिल्म की शूटिंग फिल्मसिटी में जारी है। शुरुआत में सलमान खान रियल लोकेशन्स पर शूटिंग करने वाले थे, हालांकि धमकियां मिलने और फायरिंग होने के बाद अब सलमान सुरक्षा के मद्देनजर फिल्मसिटी में ही शूटिंग कर रहे हैं।