हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में तब्दील हुआ दिलीप कुमार का बंगला:एप्को इंफ्राटेक कंपनी ने 172 करोड़ में खरीदा ट्रिप्लैक्स अपार्टमेंट, 9.3 करोड़ की स्टाम्प ड्यूटी चुकाई

दिवंगत लीजेंड्री बॉलीवुड एक्टर दिलीप कुमार का मुंबई के पाली हिल वाला बंगला बिक गया है। 2023 में इस बंगले को गिराकर एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की बात सामने आई थी। अब एप्को इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने इसी सी फेसिंग कॉम्प्लेक्स में 172 करोड़ रुपए में ट्रिप्लैक्स अपार्टमेंट खरीदा है। यह ट्रिप्लैक्स अपार्टमेंट बिल्डिंग की 9वीं, 10वीं और 11वीं मंजिल पर स्थित है। इस अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 9527 स्क्वायर फीट है। इसको 1.62 लाख रुपए प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से बेचा गया है। वहीं, इसके लिए 9.3 करोड़ रुपए की स्टाम्प ड्यूटी चुकाई गई है। इसकी रजिस्ट्रेशन फीस 30 हजार रुपए लगी है। दिलीप कुमार ने 1953 में खरीदा था बंगला।​​​​​​ दिलीप कुमार ने सितंबर 1953 में ये बंगला अब्दुल लतीफ से खरीदा था। 1966 में सायरा बानो से शादी के बाद उन्होंने इस बंगले को छोड़ दिया था और नए घर में शिफ्ट हो गए थे। बंगले पर कब्जा करने की कोशिशें भी हुईं दिलीप कुमार का पाली हिल बंगला लंबे समय तक विवादों में भी रहा। दिलीप कुमार के परिवार ने एक रियल एस्टेट फर्म पर जमीन के कागजों से छेड़छाड़ कर जमीन को अपने कब्जे में लेने की कोशिश करने के आरोप लगाए थे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक 2016 में दिलीप कुमार ने अशर ग्रुप के साथ इस बंगले को लग्जरी कॉम्प्लेक्स में तब्दील करने का एक एग्रीमेंट किया था। 2017 में लंबे समय तक चले कोर्ट केस के बाद दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने बताया था कि उन्हें प्रॉपर्टी का एक्सेस मिल गया है और केस खत्म हो चुका है। 2021 में हुआ था दिलीप कुमार का निधन 7 जुलाई 2021 को दिलीप कुमार का निधन हो गया था। वे 98 साल के थे। दिलीप कुमार ने पांच दशक के करियर में करीब 60 फिल्मों में काम किया था। उनकी कुछ हिट फिल्मों में ‘ज्वार भाटा’ (1944), ‘अंदाज’ (1949), ‘आन’ (1952), ‘देवदास’ (1955), ‘आजाद’ (1955), ‘मुगल-ए-आजम’ (1960), ‘गंगा जमुना’ (1961), ‘क्रान्ति’ (1981), ‘कर्मा’ (1986) और ‘सौदागर’ (1991) शामिल हैं।