दिल्ली की राव IAS एकेडमी के बेसमेंट में पानी भरा:3 छात्रों की मौत, सर्च ऑपरेशन जारी; MP-राजस्थान समेत 17 राज्यों में भारी बारिश

दिल्ली के राजेंद्र नगर की राव IAS एकेडमी के बेसमेंट में पानी भर जाने से 3 छात्रों की मौत हो गई। इनमें दो लड़की और एक लड़का शामिल है। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बेसमेंट में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। दिल्ली की मंत्री आतिशी मार्लेना ने घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। देश के कई हिस्सों में बारिश से गंभीर हालात हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 27 जुलाई को 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के 8 जिलों पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, चंद्रपुर, गोंदिया और गढ़चिरौली में शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के बीच महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित शाहबाज में एक तीन मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में तीन लोग मलबे में दब गए। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को बचा लिया गया है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। घटना शनिवार तड़के साढ़े चार बजे हुई। इधर, गुजरात के भी कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 2700 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 2200 लोग नवसारी और 500 लोग तापी जिले के हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश से यमुनोत्री धाम के दोनों गर्मकुंडों में मलबा भर गया है। मंदिर का ऑफिस, रसोई टूट गई है, मंदिर तक जाने वाला पैदल पुल भी बह गया है। भारी मलबा और बोल्डर से यमुनोत्री मंदिर को भी नुकसान हुआ है। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राममंदिर के निकट रजिस्ट्रेशन केंद्र क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों को भागकर जान बचानी पड़ी। बाढ़ की तस्वीर
गुजरात के नवसारी जिले से गुजरने वाली पूर्णा नदी खतरे के निशान (23 फीट) से 5 फीट ऊपर बह रही है। इससे शहर का 30% हिस्सा पानी में डूब गया है। यह तस्वीर नवसारी में बने रेलवे फ्लाईओवर की है। उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, स्कूल बंद
मौसम विभाग ने 27 जुलाई को देहरादून जिले में भारी बारिश की संभावना के चलते 1 से 12 क्लास तक और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्‌टी का ऐलान किया है। 26 जुलाई की रात यमुना में आई बाढ़ के बाद यमुनोत्री धाम के हालात खराब हो गए हैं। मंदिर, पार्किंग और रसोई जैसी जगहों पर बड़े-बड़े बोल्डर से नुकसान पहुंचा है। कहां बहुत भारी और कहां भारी बारिश का अलर्ट
बहुत भारी बारिश (8 राज्य): गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, कर्नाटक। भारी बारिश (9 राज्य): हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तमिलनाडु, केरल, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल। देशभर से बारिश की तस्वीरें… आगे कैसा रहेगा मौसम… राज्यों में मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: 21 जिलों में बारिश का अलर्ट, मध्यप्रदेश में लो प्रेशर एरिया (कम दबाव क्षेत्र) और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव है, जिससे 18 जिलों में बारिश हुई। शनिवार को विदिशा, रायसेन, हरदा, बैतूल, जबलपुर और बालाघाट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत 21 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर… राजस्थान : 31 जिलों में आज बारिश का अलर्ट; कालीसिंध बांध का जलस्तर बढ़ा, एक गेट खोला मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अगले चार-पांच दिन लगातार बारिश का दौर रहेगा। आज 3 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 28 जिलों में येलो अलर्ट है। राजस्थान में अब तक 185.3MM औसत बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 1 फीसदी कम है। पढ़ें पूरी खबर… छत्तीसगढ़ : 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बेमेतरा 3 दिन के लिए स्कूल बंद छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कांकेर जिले में बारिश का रेड अलर्ट है। इसे देखते हुए बेमेतरा जिले में आज से तीन दिन के लिए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश : 17 दिन बाद आगरा से मानसून की एंट्री; 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी UP में 17 दिन के ब्रेक के बाद मानसून फिर से आगरा के रास्ते पहुंच गया है। आज UP के 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। जिसमें से 12 जिले वेस्ट UP के ही हैं। अगले 4 दिनों यानी कि 30 जुलाई तक UP में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पढ़ें पूरी खबर… बिहार : 11 जिलों में बारिश का अलर्ट; कम बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी बिहार में मानसून के कमजोर होने का असर दिखने लगा है। तापमान और नमी बढ़ने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 11 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर… पंजाब: फरीदकोट में तापमान 40 के पार; 5 जिलों मे बारिश का अलर्ट पंजाब में बारिश न होने के कारण तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा यानी 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। जालंधर, कपूरथला, मोगा, फिरोजपुर व लुधियाना में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं दिया है। लेकिन, हिमाचल प्रदेश से सटे इलाकों में बारिश की संभावना 25 से 50% तक बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर…