ऋषि कपूर के निधन पर रोए नहीं थे रणबीर कपूर:बोले – मुझे पैनिक अटैक आया था, जब पता चला कि पापा जाने वाले हैं

रणबीर कपूर ने हालिया इंटरव्यू में पिता ऋषि कपूर के साथ बॉन्डिंग पर बात की है। रणबीर ने उस दिन को भी याद किया जब डॉक्टरों ने उन्हें बता दिया था कि ऋषि कपूर की मौत किसी भी वक्त हो सकती है। यह सच जानकर उन्हें पैनिक अटैक आ गया था। वहीं, ऋषि कपूर की मौत के बाद रणबीर रोए नहीं थे, ना ही उन्हें पिता की कमी का एहसास हुआ था। बता दें, 30 अप्रैल 2022 को कैंसर की वजह से ऋषि कपूर की मौत हो गई थी। पिता की मौत पर नहीं रोए थे रणबीर निखिल कामथ से बातचीत करते हुए रणबीर ने कहा- मैंने बहुत पहले ही रोना छोड़ दिया था। पापा की मौत के बाद भी मैं रोया नहीं था। एक दिन जब मैं रात में हॉस्पिटल में था, तब डॉक्टर ने कहा था- ये उनकी (ऋषि कपूर) आखिरी रात है। वे कभी भी जा सकते हैं। मुझे याद है कि रूम में जाने के बाद मुझे पैनिक अटैक आ गया था। समझ नहीं आ रहा था कि खुद को एक्सप्रेस कैसे करूं। उस वक्त बहुत कुछ हो रहा था, जिसे मैनेज करना था। लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैंने शोक मनाया था, या मुझे उनकी कमी का एहसास था। ‘एक दिन पापा मेरे पास आए और रोने लगे…’ रणबीर ने आगे कहा- जब न्यूयॉर्क में पापा का ट्रीटमेंट चल रहा था, तब हमने एक साल साथ वक्त बिताया था। वे अक्सर इस बारे में बात करते थे। मैं 45 दिन वहां था। एक दिन वे आए और रोने लगे। कभी भी उन्होंने मेरे सामने इस तरह की कमजोरी नहीं दिखाई। यह सारी चीजें मेरी लिए बहुत अजीब थीं। मुझे नहीं पता था कि क्या मुझे उन्हें पकड़ना था या गले लगाना चाहिए था। मुझे सचमुच दूरी का एहसास हुआ। मैं खुद को कसूरवार मानता हूं कि मैं हमारे बीच की दूरी को कम नहीं कर पाया। ना उन्हें गले लगाकर थोड़ा प्यार दे पाया। रणबीर ने आगे कहा- आपकी परवरिश ऐसी की जाती है, जहां आपको जिम्मेदार होने का एहसास कराया जाता है। मेरे दिमाग में बहुत सारी चीजें चल रही थीं। मेरे पास मां, बहन, पत्नी, बेटी हैं और मेरे पिता का निधन हो चुका है। क्या मैं अपनी कमजोरी दिखा सकता हूं। मुझे नहीं पता कि यह क्या है, लेकिन मैं इसे दिखाना नहीं चाहता हूं।