दीपिका से ब्रेकअप के बाद रणबीर को कहा गया चीटर:एक्टर बोले, ‘लोगों को पूरी कहानी नहीं पता, मैं कभी पब्लिकली किसी के बारे में ऐसी बातें नहीं करता’

रणबीर कपूर को दीपिका पादुकोण से ब्रेकअप के बाद चीटर और कैसेनोवा कहा गया था। दीपिका ने सालों पहले करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में सोनम के साथ मिलकर इशारों-इशारों में रणबीर के बारे में कई बातें कही थीं। अब निखिल कामथ के पीपल बाय WTF पॉडकास्ट को दिए एक इंटरव्यू में रणबीर ने इस बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘जब मैंने फिल्मों में शुरुआत की तो मुझे प्लेबॉय कहा गया क्योंकि मैं एक्ट्रेसेस को डेट कर रहा था। यही मेरी आइडेंटिटी बन गया था। मुझे कैसेनोवा कहा गया और चीटर का लेबल तो मेरी लाइफ में लंबे समय तक रहा और अभी भी मुझे यही समझा जाता है। मुझे फर्क नहीं पड़ता क्योंकि ये पूरी तरह सही नहीं था। लोगों को पूरी कहानी नहीं पता क्योंकि मैंने कभी कुछ नहीं कहा।’ रणबीर आगे बोले, ‘मैं कभी भी किसी के बारे में पब्लिकली इस तरह की बातें नहीं करता क्योंकि ये सब बहुत प्राइवेट बातें हैं। लेकिन जिस तरह की बातें कही गईं और उससे किसी व्यक्ति को खुशी मिली तो मुझे उस व्यक्ति से कोई दिक्कत नहीं है।’ दीपिका और कटरीना से हुआ था रणबीर का ब्रेकअप करियर के शुरुआती दौर में रणबीर कपूर ने दीपिका पादुकोण को डेट किया था। दोनों करीब डेढ़ साल तक रिलेशनशिप में रहे थे। इनकी नजदीकियां फिल्म ‘बचना ए हसीनों’ की शूटिंग के दौरान बढ़ी थीं लेकिन फिर इनका ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद दीपिका और सोनम कपूर, दोनों ने ही ‘कॉफी विद करण’ में रणबीर की डेटिंग लाइफ को डिस्कस किया था, जिसके बाद उन्हें ‘कैसेनोवा’ का टैग मिला था। दीपिका से ब्रेकअप के बाद रणबीर कटरीना कैफ के साथ रिलेशनशिप में आ गए थे। दोनों चार साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे थे और फिर इनका ब्रेकअप हो गया था। 2018 में रणबीर आलिया भट्ट के करीब आए और फिर 2022 में दोनों ने शादी कर ली। नवंबर 2022 में रणबीर-आलिया एक बेटी के पेरेंट्स बने जिसका नाम राहा है।