ट्रम्प बोले- ईरान ने परमाणु डील नहीं की, इसलिए हमला:सुबह इजराइल ने 200 फाइटर जेट से ईरान के 6 न्यूक्लियर-मिलिट्री साइट्स तबाह कीं

इजराइल ने शुक्रवार सुबह ईरान पर एयर स्ट्राइक की जिसमें 20 टॉप कमांडर मारे गए हैं। इनमें आर्मी और एयरफोर्स चीफ भी शामिल हैं। इजराइल ने सुबह 200 फाइटर जेट्स से 6 ठिकानों पर हमला किया था। इसमें कई परमाणु ठिकाने और मिलिट्री साइट्स को निशाना बनाया गया। इसके बाद ईरान ने दोपहर में इजराइल पर जवाबी हमला किया और 100 से ज्यादा ड्रोन दागे। इजराइली सेना (IDF) ने दावा किया है कि उन्होंने सभी ड्रोन मार गिराए। अभी तक एक भी ड्रोन इजराइल की सीमा में नहीं पहुंचा। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी दी है। ट्रम्प ने कहा कि ईरान परमाणु समझौता कर ले वरना और बड़ा हमला झेलना होगा। ट्रम्प ने कहा कि ईरान ने परमाणु डील नहीं की इसलिए उस पर हमला हुआ। उन्होंने कहा कि सबकुछ खत्म होने से पहले ईरान को यह डील कर लेनी चाहिए। इससे पहले आज सुबह इजराइल ने ईरान पर 200 फाइटर जेट्स से हमला किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इजराइली सेना ने तेहरान के आसपास कम से कम 6 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन 6 में से 4 जगहों पर परमाणु ठिकाने भी मौजूद हैं। ईरान के IRGC कमांडर की मौत ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि इजराइली हमले में इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर हुसैन सलामी की मौत हो गई है। अल-जजीरा के मुताबिक हमले में ईरान के दो प्रमुख परमाणु वैज्ञानिक मोहम्मद मेहदी तेहरांची और फरदून अब्बासी भी मारे गए हैं। इजराइल ने यह दावा किया है कि हमले में ईरान के आर्मी चीफ मोहम्मद बाघेरी, सेना के अन्य बड़े अधिकारी और कुछ वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक भी मारे गए हैं। इस बीच, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई ने कहा कि हमारी सेना इजराइल को सजा दिए बिना नहीं जाने देगी। ईरान पर इजराइली हमले की 3 तस्वीरें… ईरान पर इजराइली हमले से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाइए…